विदेश दौरे और बयानबाजी पर गरमाई सियासत, युवा भाजपा नेता ने उठाए सवाल
भाजपा युवा मोर्चा के पूर्व जिलाध्यक्ष सौरभ तिवारी ने कांग्रेस नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के हालिया विदेश दौरे और बयानबाजी को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी है। जारी प्रेस बयान में उन्होंने कहा कि संसद सत्र के दौरान विदेश यात्रा और विदेशी व्यक्तियों से मुलाकात जैसे कदमों से राजनीतिक संदेश जाता है, जिस पर स्पष्टता आवश्यक है।
केटी न्यूज/बक्सर
भाजपा युवा मोर्चा के पूर्व जिलाध्यक्ष सौरभ तिवारी ने कांग्रेस नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के हालिया विदेश दौरे और बयानबाजी को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी है। जारी प्रेस बयान में उन्होंने कहा कि संसद सत्र के दौरान विदेश यात्रा और विदेशी व्यक्तियों से मुलाकात जैसे कदमों से राजनीतिक संदेश जाता है, जिस पर स्पष्टता आवश्यक है।सौरभ तिवारी ने आरोप लगाया कि विदेश में दिए गए वक्तव्य और मुलाकातें देश की छवि को प्रभावित कर सकती हैं।

उन्होंने जर्मनी यात्रा के दौरान एक प्रोफेसर से मुलाकात का उल्लेख करते हुए कहा कि सार्वजनिक जीवन में रहने वाले नेताओं को अपनी गतिविधियों को लेकर पारदर्शिता बनाए रखनी चाहिए, ताकि किसी प्रकार की आशंका उत्पन्न न हो।भाजपा नेता ने यह भी कहा कि भारत एक स्वतंत्र और संप्रभु राष्ट्र है तथा उसके आंतरिक मामलों में किसी भी विदेशी संस्था या ताकत का हस्तक्षेप स्वीकार्य नहीं होना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि हाल के समय में विदेशी फंडिंग और चुनावी प्रक्रिया को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी चर्चाएं हुई हैं, जिन्हें गंभीरता से लिया जाना चाहिए।

तिवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने मजबूत और निर्णायक शासन देखा है। उनके अनुसार, भारत की लोकतांत्रिक संस्थाएं सशक्त हैं और जनता किसी भी प्रकार के बाहरी प्रभाव को सफल नहीं होने देगी।उन्होंने कांग्रेस पार्टी की नीतियों पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि विपक्ष को रचनात्मक भूमिका निभानी चाहिए और राष्ट्रीय मुद्दों पर स्पष्ट रुख रखना चाहिए। बयान के अंत में उन्होंने विश्वास जताया कि देश की जनता लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के प्रति सजग है तथा किसी भी प्रकार की कथित साजिश को सफल नहीं होने देगी।

