सहयोग शिविर में उमड़ी भीड़, समस्याओं के साथ मुआवजे का मुद्दा भी रहा हावी
बिहार सरकार के निर्देश पर मंगलवार को पंचायत सरकार भवन, केसठ परिसर में सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का नेतृत्व प्रखंड विकास पदाधिकारी विजय कुमार सौरभ ने किया। शिविर में विभिन्न विभागों के प्रखंड स्तरीय अधिकारियों ने लोगों की समस्याएं और शिकायतें सुनीं तथा उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की।


__ 78 आवेदन प्राप्त, राजस्व विभाग से सबसे अधिक शिकायतें; किसानों ने उठाया प्रखंड कार्यालय निर्माण का सवाल
केटी न्यूज/केसठ।
बिहार सरकार के निर्देश पर मंगलवार को पंचायत सरकार भवन, केसठ परिसर में सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का नेतृत्व प्रखंड विकास पदाधिकारी विजय कुमार सौरभ ने किया। शिविर में विभिन्न विभागों के प्रखंड स्तरीय अधिकारियों ने लोगों की समस्याएं और शिकायतें सुनीं तथा उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की।बीडीओ विजय कुमार सौरभ ने बताया कि सरकार की मंशा के अनुरूप पंचायत स्तर पर आयोजित इस शिविर में लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया और कई मामलों के त्वरित निष्पादन का प्रयास किया गया, ताकि आम नागरिकों को बार-बार कार्यालयों का चक्कर न लगाना पड़े।

विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए अलग-अलग काउंटर बनाए गए थे, जहां दिनभर लोगों की भीड़ लगी रही।शिविर में ऑनलाइन एवं ऑफलाइन माध्यम से कुल 78 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें सबसे अधिक आवेदन राजस्व विभाग से संबंधित रहे। वहीं, केसठ में प्रस्तावित नए प्रखंड कार्यालय भवन के निर्माण को लेकर किसानों द्वारा मुआवजे का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। प्रभावित किसानों ने चयनित भूमि पर निर्माण से पहले उचित मुआवजा भुगतान की मांग दोहराई।

शिविर के दौरान वरीय उपसमाहर्ता आलोक कुमार वत्स एवं मुखिया अरविंद कुमार सिंह उर्फ गामा पहलवान ने संयुक्त रूप से लाभुकों के बीच 11 राशन कार्ड और 4 जॉब कार्ड का वितरण किया।मौके पर समाजसेवी पप्पू यादव, प्रखंड प्रमुख मुन्ना सिंह,बीडीसी भाई असलम, उपमुखिया अमितेश कुमार गुप्ता, पीएचसी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डा. विनय कुमार, अंचलाधिकारी अभिषेक गर्ग, बीएओ शिवम वर्मा, बीईओ राजेश राम सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

