डीएम की पहल से रघुनाथपुर को मिल सकता है खेल मैदान, युवाओं की वर्षों पुरानी मांग को मिली रफ्तार

रघुनाथपुर पंचायत के युवाओं की वर्षों पुरानी खेल मैदान की मांग अब पूरी होती नजर आ रही है। जिला पदाधिकारी साहिला की पहल के बाद पंचायत में खेल मैदान निर्माण की प्रक्रिया को गति मिली है, जिससे खेल प्रेमियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं में खुशी का माहौल है।

डीएम की पहल से रघुनाथपुर को मिल सकता है खेल मैदान, युवाओं की वर्षों पुरानी मांग को मिली रफ्तार

__ भूमि चिह्नित करने का निर्देश जारी, सड़क और खेतों में अभ्यास करने वाले खिलाड़ियों व प्रतियोगी अभ्यर्थियों में जगी नई उम्मीद

केटी न्यूज/ब्रह्मपुर

रघुनाथपुर पंचायत के युवाओं की वर्षों पुरानी खेल मैदान की मांग अब पूरी होती नजर आ रही है। जिला पदाधिकारी साहिला की पहल के बाद पंचायत में खेल मैदान निर्माण की प्रक्रिया को गति मिली है, जिससे खेल प्रेमियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं में खुशी का माहौल है।पंचायत में खेल मैदान नहीं होने के कारण स्थानीय युवाओं को कबड्डी, वॉलीबॉल, बैडमिंटन जैसे खेलों का अभ्यास खेतों के बीच खाली पड़ी जमीन पर करना पड़ता है। वहीं सेना, पुलिस तथा अन्य शारीरिक दक्षता आधारित प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले अभ्यर्थी सड़कों पर दौड़ लगाने को विवश हैं। इससे दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है और खिलाड़ियों को पर्याप्त सुविधाएं नहीं मिल पाती हैं।

इस समस्या को लेकर पंचायत के युवाओं और समाजसेवियों ने हाल ही में आयोजित सहयोग शिविर में जिला पदाधिकारी के समक्ष खेल मैदान निर्माण की मांग रखी थी। समाजसेवी शैलेश ओझा, रामजी प्रसाद, नीरज पाण्डेय, अरविंद यादव तथा लक्ष्मण प्रसाद सहित कई लोगों ने बताया था कि खेल सुविधाओं के अभाव में ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने अंचलाधिकारी ब्रह्मपुर को पंचायत में खेल मैदान निर्माण के लिए उपयुक्त सरकारी भूमि चिह्नित कर अनापत्ति प्रमाण पत्र के साथ प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद स्थानीय युवाओं को उम्मीद जगी है कि जल्द ही पंचायत को अपना खेल मैदान मिल सकेगा।

समाजसेवी शैलेश ओझा ने कहा कि खेल मैदान का निर्माण केवल खेल गतिविधियों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इससे युवाओं में अनुशासन, स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता और सकारात्मक सोच का विकास होगा। वहीं हाल ही में बिहार पुलिस में चयनित नीरज पाण्डेय, गोपी मिश्रा, संतोष सिंह और मनोज साह ने कहा कि अब तक उन्हें दौड़ की तैयारी के लिए ब्रह्मपुर हाई स्कूल मैदान का सहारा लेना पड़ता था। गांव में खेल मैदान बनने से आने वाली पीढ़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री खेल विकास योजना के तहत राज्य सरकार पंचायत स्तर तक खेल सुविधाओं का विस्तार करने में जुटी है। योजना के अंतर्गत खेल मैदानों के साथ रनिंग ट्रैक, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, कबड्डी जैसी खेल सुविधाओं के अलावा ओपन जिम, चेंजिंग रूम और शौचालय जैसी आधारभूत व्यवस्थाएं भी विकसित की जानी हैं। ऐसे में रघुनाथपुर में खेल मैदान निर्माण की पहल ग्रामीण खेल प्रतिभाओं के लिए नई संभावनाओं के द्वार खोल सकती है।