डुमरी की मिट्टी से चीन तक चमका आरुष, चार अंतरराष्ट्रीय पदक जीत रचा इतिहास
प्रखंड क्षेत्र के डुमरी गांव के युवा खिलाड़ी आरुष कुमार ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा का परचम लहराकर न सिर्फ अपने गांव, बल्कि पूरे जिले और देश का नाम रोशन किया है। चीन के शिआन शहर में आयोजित सार्वभौमिक रस्सी कूद अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए आरुष ने शानदार प्रदर्शन किया।


केटी न्यूज/सिमरी।
प्रखंड क्षेत्र के डुमरी गांव के युवा खिलाड़ी आरुष कुमार ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा का परचम लहराकर न सिर्फ अपने गांव, बल्कि पूरे जिले और देश का नाम रोशन किया है। चीन के शिआन शहर में आयोजित सार्वभौमिक रस्सी कूद अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए आरुष ने शानदार प्रदर्शन किया। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच उन्होंने एकल और समूह वर्ग में दमदार खेल का प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण और दो कांस्य पदक अपने नाम किए। चार अंतरराष्ट्रीय पदकों की इस उपलब्धि के बाद डुमरी गांव में जश्न और बधाइयों का दौर शुरू हो गया है।आरुष की सफलता इसलिए भी खास है कि ग्रामीण परिवेश से निकलकर उन्होंने अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।

दुनिया के विभिन्न देशों से पहुंचे खिलाड़ियों के बीच प्रतिस्पर्धा करते हुए आरुष ने अपनी मेहनत, अनुशासन और खेल कौशल के बल पर भारत के लिए पदक हासिल किए। उनकी इस उपलब्धि ने गांव के अन्य युवाओं में भी खेल के प्रति नई उम्मीद और उत्साह पैदा किया है।आरुष डुमरी गांव निवासी जयराम कुँवर के पुत्र हैं। बेटे की अंतरराष्ट्रीय सफलता से परिवार में खुशी का माहौल है। वहीं, ग्रामीण भी इसे पूरे गांव के लिए गौरव का क्षण बता रहे हैं।डुमरी पंचायत के मुखिया प्रेमसागर कुंवर ने आरुष को बधाई देते हुए कहा कि जयराम कुँवर के पुत्र ने पूरे पंचायत का नाम रोशन किया है।

उसकी सफलता यह साबित करती है कि मेहनत और लगन के बल पर ग्रामीण क्षेत्र का युवा भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना सकता है। उन्होंने बताया कि पंचायत की ओर से आरुष को सम्मानित किया जाएगा।गांववासियों ने आरुष और उनके पिता जयराम कुँवर को बधाई देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

