गवाही के बाद भड़का विवाद, धरहरा में दो पक्ष आमने-सामने
स्थानीय थाना क्षेत्र के धरहरा गांव में पुरानी रंजिश और न्यायालय से जुड़े एक मामले की गवाही के बाद तनाव बढ़ गया, जिसके चलते दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में कई लोग घायल हो गए। घटना के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने दोनों मामलों में कुल 20 लोगों को नामजद करते हुए जांच शुरू कर दी है।

__ दोनों ओर से एफआईआर, 20 लोगों को बनाया गया नामजद आरोपी
केटी न्यूज/कृष्णाब्रह्म
स्थानीय थाना क्षेत्र के धरहरा गांव में पुरानी रंजिश और न्यायालय से जुड़े एक मामले की गवाही के बाद तनाव बढ़ गया, जिसके चलते दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में कई लोग घायल हो गए। घटना के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने दोनों मामलों में कुल 20 लोगों को नामजद करते हुए जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार, एक पक्ष के धर्मेंद्र पाल ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया है कि वह एक पुराने आपराधिक मामले में गवाही देकर घर लौटे थे। आरोप है कि इसी बात से नाराज कुछ लोगों ने रास्ते में उन्हें घेर लिया और लाठी-डंडे तथा लोहे की रॉड से हमला कर दिया।

हमले में उन्हें चोटें आईं। घटना के दौरान शोर सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित किया। धर्मेंद्र पाल के आवेदन पर बशिष्ठ सिंह, प्रदीप सिंह, संतोष पाल सहित 10 लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है।वहीं दूसरे पक्ष के सियाराम पाल ने भी थाना में आवेदन देकर पहले पक्ष के लोगों पर मारपीट करने और नकदी छीनने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि उनके छोटे भाई के साथ मारपीट की गई तथा उसके पास मौजूद 65 हजार 800 रुपये नकद और एक बैग छीन लिया गया। आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि विरोध करने पर परिवार के अन्य सदस्यों के साथ भी दुर्व्यवहार किया गया।

इस मामले में धर्मेंद्र पाल, दीपक पाल, अमर पाल समेत 10 लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है।घटना के बाद गांव में कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बनी रही, हालांकि फिलहाल हालात सामान्य बताए जा रहे हैं। थानाध्यक्ष रवि कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस सभी आरोपों की बिंदुवार जांच कर रही है तथा साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

