बक्सर में 300 युवाओं को रोजगार का अवसर, 23 जून को लगेगा जॉब कैंप
जिले के बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार का सुनहरा अवसर मिलने जा रहा है। जिला नियोजनालय बक्सर की ओर से आगामी 23 जून 2026 को रोजगार शिविर (जॉब कैंप) का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर जिला नियोजनालय कार्यालय परिसर स्थित संयुक्त श्रम भवन, आईटीआई मैदान बक्सर में आयोजित होगा।

__ जिला नियोजनालय परिसर में होगा आयोजन, 12वीं और आईटीआई पास अभ्यर्थी ले सकेंगे भाग
केटी न्यूज/बक्सर
जिले के बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार का सुनहरा अवसर मिलने जा रहा है। जिला नियोजनालय बक्सर की ओर से आगामी 23 जून 2026 को रोजगार शिविर (जॉब कैंप) का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर जिला नियोजनालय कार्यालय परिसर स्थित संयुक्त श्रम भवन, आईटीआई मैदान बक्सर में आयोजित होगा।प्रभारी जिला नियोजन पदाधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार इस रोजगार शिविर में निजी कंपनी वेस्टर्न रेफ्रिजरेशन प्राइवेट लिमिटेड द्वारा मशीन ऑपरेटर के पद पर 300 अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। चयन प्रक्रिया अभ्यर्थियों की योग्यता के आधार पर मौके पर ही पूरी की जाएगी।कंपनी में मशीन ऑपरेटर पद के लिए अभ्यर्थियों की उम्र सीमा 18 से 35 वर्ष निर्धारित की गई है।

इसके लिए न्यूनतम योग्यता 12वीं उत्तीर्ण या आईटीआई पास होना आवश्यक है। चयनित युवाओं को गुजरात के वलसाड जिले में स्थित कंपनी के कार्यस्थल पर काम करना होगा।कंपनी की ओर से चयनित कर्मियों को 21,600 रुपये का मासिक स्टाइपेंड (मानदेय) दिया जाएगा। कार्य अवधि 12 घंटे प्रतिदिन निर्धारित है। इसके अलावा अतिरिक्त समय काम करने पर 69 रुपये प्रति घंटे की दर से भुगतान किया जाएगा। उपस्थिति पुरस्कार के रूप में एक हजार रुपये दिए जाएंगे। कर्मचारियों को कैंटीन सुविधा के लिए प्रतिदिन 45 रुपये तथा छात्रावास सुविधा के लिए प्रति माह 1,000 रुपये की कटौती की जाएगी। परिवहन सुविधा निशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही बीमा सुविधा भी प्रदान की जाएगी।

जिला नियोजनालय ने बताया कि रोजगार शिविर में भाग लेने वाले अभ्यर्थियों का नियोजनालय में निबंधन अनिवार्य है। जिन अभ्यर्थियों का अब तक निबंधन नहीं हुआ है, वे राष्ट्रीय करियर सेवा पोर्टल एनसीएस डॉट जीओवी डॉट इन पर ऑनलाइन निबंधन करा सकते हैं।रोजगार शिविर में प्रवेश पूरी तरह निशुल्क रहेगा। इच्छुक अभ्यर्थी अपने बायोडाटा और आधार कार्ड के साथ निर्धारित तिथि को शिविर में पहुंच सकते हैं। शिविर का संचालन सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक किया जाएगा।प्रभारी जिला नियोजन पदाधिकारी ने जिले के सभी बेरोजगार युवाओं से अपील की है कि वे इस अवसर का लाभ उठाते हुए अधिक से अधिक संख्या में रोजगार शिविर में शामिल हों। नियोजनालय की भूमिका केवल सुविधा प्रदाता की होगी, जबकि नियुक्ति से संबंधित सभी शर्तों की जिम्मेदारी नियोजक कंपनी की होगी।

