डुमरांव स्टेशन पर सुविधाओं व ट्रेनों के ठहराव को लेकर उठी आवाज, रेल लाइन निर्माण तेज करने की मांग
बलिया-डुमरांव-डिहरी रेल लाइन निर्माण संगठन समिति की बैठक रविवार को स्थानीय नगर स्थित एक सभागार में आयोजित की गई। बैठक में डुमरांव रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं की कमी, ट्रेनों के सीमित ठहराव तथा लंबित रेल परियोजनाओं को लेकर चिंता जताई गई। समिति के सदस्यों ने केंद्र सरकार और रेलवे प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग की।
केटी न्यूज/डुमरांव
बलिया-डुमरांव-डिहरी रेल लाइन निर्माण संगठन समिति की बैठक रविवार को स्थानीय नगर स्थित एक सभागार में आयोजित की गई। बैठक में डुमरांव रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं की कमी, ट्रेनों के सीमित ठहराव तथा लंबित रेल परियोजनाओं को लेकर चिंता जताई गई। समिति के सदस्यों ने केंद्र सरकार और रेलवे प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग की।बैठक की अध्यक्षता अरविंद कुमार उर्फ रमेश गुप्ता ने की, जबकि संचालन उमेश गुप्ता रौनियार ने किया। अध्यक्षीय संबोधन में अरविंद कुमार ने कहा कि डुमरांव रेलवे स्टेशन पूर्व मध्य रेलवे के अंतर्गत एक महत्वपूर्ण स्टेशन है, जो आरा और बक्सर के बीच अच्छा राजस्व देता है, इसके बावजूद यहां अपेक्षित सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं।

उन्होंने कहा कि स्टेशन के विकास को लेकर विशेष ध्यान दिए जाने की आवश्यकता है।समिति के सदस्यों ने रेल मंत्री, महाप्रबंधक हाजीपुर तथा मंडल रेल प्रबंधक दानापुर से बलिया-डुमरांव-डिहरी रेल लाइन निर्माण कार्य को जल्द स्वीकृति देने की मांग की। साथ ही स्टेशन परिसर में वाहन स्टैंड पर सरकारी दर सूची बोर्ड लगाने, प्लेटफार्म पर शुद्ध पेयजल, पंखे, यात्रियों के लिए पर्याप्त शेड तथा पुराने पुल की चौड़ाई बढ़ाने की मांग रखी गई।

बैठक में अमृत भारत योजना के तहत डुमरांव स्टेशन पर चल रहे निर्माण कार्यों में तेजी लाने और पावर ग्रिड द्वारा निर्मित शौचालय को शीघ्र चालू कराने की भी मांग उठी।समिति ने पटना-कोटा एक्सप्रेस का प्रतिदिन ठहराव सुनिश्चित करने के साथ पटना-कुर्ला एक्सप्रेस, संघमित्रा एक्सप्रेस, दानापुर-सिकंदराबाद एक्सप्रेस, पाटलिपुत्र-मुंबई एलटीटी एक्सप्रेस तथा दानापुर-पुणे एक्सप्रेस के ठहराव की भी मांग की।बैठक में विमलेश कुमार सिंह, अंगद प्रसाद, हरेंद्र कुमार शर्मा, अखिलेश केसरी, प्रदीप शरण, कमलेश गुप्ता, अशोक कुमार, बिजली राम, भारत सोनार, धीरज कुमार समेत कई लोग मौजूद रहे।

