दुल्हपुर मार्ग का नाम स्व. पारस पांडेय के नाम पर होगा : विजय मिश्र
केटी न्यूज/डुमरांव दियारा क्षेत्र के वरिष्ठ भाजपा नेता स्वर्गीय पारस पांडेय की स्मृति में सोमवार की शाम नियाज़ीपुर गांव में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। सभा में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, स्थानीय जनप्रतिनिधि व ग्रामीण उपस्थित हुए और दिवंगत नेता को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेता विजय मिश्र ने स्व. पांडेय को याद करते हुए कहा कि दुल्हपुर गांव जाने वाले मार्ग का नामकरण स्वर्गीय पारस पांडेय के नाम पर हर हाल में कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र उनके योगदान को कभी नहीं भूल सकता।
विजय मिश्र ने अपने संबोधन में कहा कि स्व. पारस पांडेय दियारा क्षेत्र में भाजपा संगठन के मजबूत स्तंभ थे। उनका पूरा जीवन संगठन और समाज सेवा को समर्पित रहा। वे कार्यकर्ताओं के साथ परिवार जैसा व्यवहार करते थे और हर छोटे-बड़े कार्यकर्ता की चिंता करते थे। उनके निधन से न केवल पार्टी बल्कि पूरे क्षेत्र को अपूरणीय क्षति हुई है। उन्होंने कहा कि ऐसे समर्पित और कर्मठ नेता की स्मृति को सहेजना हम सभी की जिम्मेदारी है। इसी भावना से दुल्हपुर मार्ग का नाम उनके नाम पर रखने की पहल की जाएगी, ताकि आने वाली पीढ़ियां भी उनके योगदान को याद रख सकें।

श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित अन्य भाजपा नेताओं ने भी स्व. पारस पांडेय के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए उन्हें सादगी, समर्पण और संगठन के प्रति निष्ठा का प्रतीक बताया। वक्ताओं ने कहा कि उन्होंने हमेशा पार्टी को मजबूत बनाने और समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने का प्रयास किया। क्षेत्र में उनकी लोकप्रियता और कार्यशैली आज भी लोगों के बीच मिसाल के रूप में याद की जाती है।
सभा को भाजपा जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश भुवन, जिला महामंत्री विनोद राय, पूर्व जिलाध्यक्ष राणा प्रताप सिंह, ललन राय, राजा राम पांडेय, जितेंद्र दूबे, बजरंगी तिवारी सहित कई नेताओं ने संबोधित किया और दिवंगत नेता के साथ बिताए अपने अनुभव साझा किए। सभी वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि स्व. पारस पांडेय का जीवन कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

इस अवसर पर अशोक लाल, मनोज सिंह, श्रीभगवान सिंह ‘त्यागी’, अतीश लाल, बंशी पांडेय, अनु तिवारी, दयाशंकर तिवारी, त्रिलोकी पांडेय, संतोष ठाकुर, श्रीकांत तिवारी, भूटेली तिवारी, बुआ तिवारी, नंदलाल पंडित, लखी नारायण पाठक, धीरज पाठक, सत्येंद्र ठाकुर, सुनील पांडेय, रोहित लाल, अजीत सिंह, बसंत राय, अजय पाठक, मनु पांडेय, दयाशंकर पांडेय, वाल्मीकि राय और जगनारायण राय सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। सभा के अंत में सभी ने दो मिनट का मौन रखकर स्वर्गीय पारस पांडेय की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
