नहर मार्ग पर पुलिस-तस्कर दौड़, पंचर हुई गाड़ी और हाथ से निकल गई शराब की खेप

शराब तस्करों के खिलाफ कार्रवाई के लिए निकली कोरान सराय पुलिस की टीम को बुधवार की रात उस समय बड़ा झटका लगा, जब पीछा करने के दौरान पुलिस वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया और संदिग्ध बोलेरो पुलिस की पकड़ से दूर निकल गई।

नहर मार्ग पर पुलिस-तस्कर दौड़, पंचर हुई गाड़ी और हाथ से निकल गई शराब की खेप

— गुप्त सूचना पर पीछा करने निकली टीम दुर्घटनाग्रस्त, तस्करों से भरी बोलेरो अंधेरे का फायदा उठाकर फरार

— कोन्ही बनजरियां के पास फटा पुलिस वाहन का चक्का, बाल-बाल बचे जवान; संदिग्धों की तलाश जारी

केटी न्यूज/डुमरांव

शराब तस्करों के खिलाफ कार्रवाई के लिए निकली कोरान सराय पुलिस की टीम को बुधवार की रात उस समय बड़ा झटका लगा, जब पीछा करने के दौरान पुलिस वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया और संदिग्ध बोलेरो पुलिस की पकड़ से दूर निकल गई। घटना के बाद जहां पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए, वहीं शराब की बड़ी खेप होने की आशंका वाली बोलेरो अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गई।जानकारी के अनुसार कोरान सराय थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि डुमरांव-केसठ राजवाहा नहर मार्ग से एक बोलेरो में भारी मात्रा में अवैध शराब की खेप ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हुई और संदिग्ध वाहन की तलाश शुरू कर दी। कुछ देर बाद बताए गए मार्ग पर पुलिस को संदिग्ध बोलेरो दिखाई दी।

पुलिस ने वाहन को रोकने का संकेत दिया, लेकिन चालक ने रुकने के बजाय तेज गति से वाहन भगाना शुरू कर दिया।इसके बाद पुलिस और तस्करों के बीच कई किलोमीटर तक पीछा चलता रहा। बताया जाता है कि बोलेरो चौगाईं की दिशा में तेजी से भाग रही थी और पुलिस लगातार उसके पीछे लगी हुई थी। इसी दौरान कोन्ही बनजरियां गांव के समीप पहुंचते ही पुलिस वाहन का चक्का अचानक फट गया। तेज रफ्तार में चल रही गाड़ी असंतुलित होकर क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि वाहन में सवार किसी भी पुलिसकर्मी को चोट नहीं लगी।पुलिस वाहन की रफ्तार थमते ही तस्करों को भागने का मौका मिल गया। बोलेरो चालक अंधेरे और ग्रामीण रास्तों का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।

घटना के बाद आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान चलाया गया, लेकिन देर रात तक न तो वाहन का कोई पता चल सका और न ही उसमें सवार लोगों की पहचान हो पाई।थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई थी और फरार बोलेरो तथा उसके चालक की तलाश जारी है। उन्होंने कहा कि संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है तथा विभिन्न थानों को भी सतर्क किया गया है। वहीं मुरार थाना पुलिस ने संदेह के आधार पर एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की, लेकिन उससे कोई ठोस सुराग नहीं मिल पाया।पुलिस वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने और कथित शराब तस्करों के फरार हो जाने की घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि मामले की जांच कई बिंदुओं पर की जा रही है और जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।