बक्सर : नशे में धूत यात्री बस चालक ने टोल प्लाजा के पास डिवाइडर में मारी टक्कर, दर्जनभर यात्री जख्मी

बक्सर : नशे में धूत यात्री बस चालक ने टोल प्लाजा के पास डिवाइडर में मारी टक्कर, दर्जनभर यात्री जख्मी

- दुर्घटना के समय बहुत तेज थी बस की रफ्तार, शीशा तोड़ सड़क पर आ गिरा था चालक

- शनिवार की दोपहर एनएच 922 पर दलसागर टोल प्लाजा के पास हुई दुर्घटना

केटी न्यूज/बक्सर

औद्योगिक थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच 922 पर दलसागर टोल प्लाजा के पास एक तेज रफ्तार यात्री बस डिवाइडर से टकरा गई। इस दुर्घटना में चालक समेत बस में सवार एक दर्जन यात्री गंभीर रूप से जख्मी हो गए है। जिन्हें एनएचएआई के एंबुलेंस सेवा 1033 से तत्काल इलाज के लिए स्थानीय किसी निजी अस्पतालों में पहुंचाया गया है। अन्य यात्री दूसरे वाहनों से अपने गंतव्य को रवाना हुए। घटना शनिवार दोपहर 12.30 बजे की है। टक्कर इतना जबर्दस्त था कि बस का चालक शीशा तोड़ सड़क पर आ गिरा, जबकि बस के इंजन आयल का चैंबर फट गया दूर दूर तक तेल बिखर गया था। जानकारी के अनुसार शनिवार को बीरेन्द्र बस सर्विस की एक बस जिसका नंबर बीआर 03पीए0759 था, भोजपुर से बक्सर की तरफ जा रही थी। बस की स्पीड काफी अधिक थी। यात्रियों की मानें तो चालक नशे में धूत था तथा बस की स्पीड काफी अधिक थी। भरी दोपहरी होने के कारण अधिकांश यात्री झपकी ले रहे थे। इसी दौरान अचानक बस के डिवाइडर से टकराने से यात्री अनियंत्रित हो बस के अंदर ही गिरने लगे तथा सीट तथा लोहे के उपकरणों से टकरा जख्मी होने लगे। कई यात्री तो एक दूसरे पर गिर गए थे। हालांकि इस दुर्घटना के बाद टोल प्लाजा के कर्मियों ने तत्परता दिखाई तथा तत्काल 1033 पर फोन कर टोल प्लाजा के एंबुलेंस सेवा को मौके पर बुलवाया और यात्रियों को इलाज के लिए नजदीक के अस्पतालों में पहुंचवाया। हालांकि जख्मी यात्रियों की पहचान नहीं की जा सकी हैं। इस दुर्घटना के बाद एनएच पर बेलगाम परिचालन के प्रति लोगों में गहरा आक्रोश है। लोगों का कहना है कि यदि बस की स्पीड कम होती तो इस दुर्घटना को रोका जा सकता है। टोल प्लाजा कर्मी मनोज कुमार ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि दुर्घटना के वक्त बस की स्पीड बहुत अधिक थी। जिस कारण कई यात्रियों को गंभीर चोटें आई है। खुद बस का चालक भी शीशा तोड़ सड़क पर आ गिरा था। उसे भी चोटें आई है। हालांकि कोई यात्री हताहत नहीं हुआ है।