परिजनों का आरोप : दहेज में बाइक व सोने की चैन नही मिला तो पहले पीटा फिर फंदे से लटकाया, मौत

परिजनों का आरोप : दहेज में बाइक व सोने की चैन नही मिला तो पहले पीटा फिर फंदे से लटकाया, मौत

- बाइक और सोने की चेन के लिए बेटी को प्रताड़ित और पीटने का लगाया जा रहा आरोप

- घटना के बाद फरार हैं ससुराल पक्ष के लोग, हत्या या आत्महत्या की जांच में जुटी पुलिस

केटी न्यूज/आरा

जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र के छपरापुर गांव में शुक्रवार की शाम संदिग्ध परिस्थितियों में नवविवाहिता की मौत हो गई। माना जा रहा है कि ससुराल वालों ने फांसी लगाकर नवविवाहिता की हत्या की है। घटना के बाद ससुराल वाले मौके से फरार हो गए हैं। जिसको लेकर इलाके में सनसनी मच गई है। मृतका की पहचान नारायणपुर थाना क्षेत्र के छपरापुर गांव निवासी लवकुश कुमार की 20 वर्षीया पत्नी शिशामनी देवी के रूप में की गई है। साथ ही, परिजनों ने बाइक व सोने की चेन के लिए प्रताड़ित करने, मारपीट और हत्या का आरोप लगाया है। मामले में मृतका के चाचा उपेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि उनकी भतीजी शीशामनी देवी की शादी 12 जून 2022 को नारायणपुर थाना क्षेत्र के छपरापुर गांव निवासी गोपाल यादव के बेटे लवकुश कुमार के साथ की गई थी। शादी के समय दूल्हे को बाइक खरीदने के लिए 85 हजार नगद  भी दिया गया था, लेकिन उन्होंने सेकंड हैंड बाइक खरीद ली। शादी के कुछ दिन बीत जाने के बाद से ही उसके पति और ससुराल वाले नई बाइक व सोने की चेन की मांग करने लगे। जिसे लेकर वो उनकी भतीजी के साथ मारपीट करते और प्रताड़ित करने लगे।

इससे तंग आकर शीशामनी एक बार मायके भी आ गई थी। तब उस समय पंचायती कर उसे ससुराल भेजा गया और एक भैंस भी दी गई। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को एक परिचित ने सूचना दी की शीशामनी की मौत हो गई है। यह सुन सभी भौंचके हो गए और आननफानन में बेटी के ससुराल पहुंचे। जहां उन्होंने देखा की शीशामनी मृत अवस्था में पड़ी हुई है और उसके गले में रस्सी बंधी है। साथ ही, उसके शरीर पर चोट के निशान थे। वहीं, घर के समान बिखरे पड़े है। वहीं, दूसरे कमरे में उसकी टूटी हुई चूड़ियां और सोने की अंगूठी फर्श पर गिरे थे। इस बीच किसी ने पुलिस को मामले की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। छानबीन पर पता चला कि ससुराल वाले घटना के बाद से ही फरार हैं। नारायणपुर थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने घटनास्थल की जांच की और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम सदर अस्पताल भेजा। पुलिस की पूछताछ में परिजनों ने मृतका के पति, सास व देवर एवं उसके ससुराल के अन्य लोगों पर दहेज में बाइक पर सोने के चेन के लिए  फांसी लगाकर उनकी बेटी की हत्या करने का आरोप लगाया। पुलिस ने फर्दबायन लेकर मामले की तहकीकात शुरू कर दी। थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि मामले में ससुराल पक्ष के लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। साथ ही, उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है। जल्द ही दोषियों को पकड़ कर कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाएगी। वहीं, पुलिस मामले में सभी बिंदुओं की जांच कर रही है।