दहेज के लिए शादी के नौ माह बाद विवाहिता की हत्या

दहेज के लिए शादी के नौ माह बाद विवाहिता की हत्या

- पांच दिन बाद गंगा किनारे मिला शव, पिता ने दामाद सहित अन्य पर हत्या कर शव फेंकने का आरोप

केटी न्यूज/आरा

जिले के सिन्हा ओपी क्षेत्र के लक्ष्मीपुर गांव में दहेज के लिए एक विवाहिता की हत्या कर दी गयी। उसका शव पांच दिन बाद रविवार की शाम सिन्हा गंगा नदी घाट के किनारे से बरामद किया गया है। मृत विवाहिता लक्ष्मीपुर गांव निवासी लक्की सिंह की 20 वर्षीया पत्नी नंदिनी देवी थी। शव मिलने से आसपास के इलाके में सनसनी मच गई है। सूचना मिलते ही सिन्हा ओपी इंचार्ज राजीव कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और पहचान के बाद शव का पोस्टमार्टम करवाया गया। मायके वालों द्वारा दहेज में बाइक और डेढ़ लाख रुपये के लिए हत्या कर शव फेंकने का आरोप लगाया गया है। चौरी थाना क्षेत्र के बेरथ गांव निवासी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि उनकी बेटी नंदिनी देवी की शादी पिछले साल 13 मई को हुई थी।

शादी के आठ माह बीत जाने के बाद उसके पति लक्की सिंह व ससुराल वालों द्वारा दहेज में बाइक व डेढ़ लाख रुपये की मांग की जाने लगी। उन्होंने बताया कि  26 फरवरी को उनकी नंदनी से अंतिम बार फोन पर बात हुई थी। इसी बीच उनके घर झगड़ा हुआ। लेकिन किस कारण हुआ यह पता नहीं चल पाया। एक तारीख को उन्होंने कॉल की, तो उसका मोबाइल बंद बता रहा था। तभी गांव के लिए व्यक्ति ने फोन कर सूचना दी कि उसके ससुराल वालों ने उसे मार कर फेंक दिया है। उस पर वे लोग  उसके ससुराल लक्ष्मीपुर गांव पहुंचे। उसके ससुराल वालों द्वारा कुछ भी नहीं बताया गया। उसके बाद परिजनों ने काफी खोजबीन की लेकिन कुछ पता नहीं चल पाया था। इसी दरम्यान रविवार की शाम उसका सिन्हा गंगा नदी घाट के किनारे उसका शव बरामद किया गया। सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। उन्होंने अपने दामाद लक्की सिंह और उसके ससुराल वालों पर दहेज में बाइक नहीं देने के कारण उसकी हत्या कर उसके शव को गंगा नदी में फेंकने का आरोप लगाया है। हालांकि पुलिस अपने स्तर से मामले की छानबीन कर रही है। बताया जाता है कि नंदनी अपने दो भाई और दो बहनों में तीसरे स्थान पर थी। उसके परिवार में भाई विशाल सिंह, अभिषेक सिंह और एक बहन चांदनी देवी है। उसकी मां नीतू देवी की मौत छह वर्ष पूर्व बीमारी के कारण हो गई थी। घटना के बाद उसके घर में कोहराम मच गया है।