पत्नी से आपसी विवाद के बाद प्राइवेट कर्मी ने खा ली सल्फास की गोली, चली गयी जान खुदकुशी

पत्नी से आपसी विवाद के बाद प्राइवेट कर्मी ने खा ली सल्फास की गोली, चली गयी जान खुदकुशी

टाउन थाना क्षेत्र के देवी स्थान मोहल्ले की गुरुवार की रात की घटना 

इलाज के दौरान शुक्रवार सुबह शहर के निजी अस्पताल में तोड़ा दम

केटी न्यूज/आरा

टाउन थाना क्षेत्र के देवी स्थान मोहल्ले में गुरुवार की रात पत्नी से विवाद के बाद एक युवक ने खुदकुशी कर ली। झगड़े के बाद उसने गुस्से में सल्फास की गोली खा ली। इलाज के दौरान उसने शहर के निजी अस्पताल में दम तोड़ दिया। मृतक देवी स्थान गुप्ता गली निवासी  32 वर्षीय रवि कुमार था। वह एक प्राइवेट कंपनी में काम करता था। बड़े भाई सूरज कुमार ने बताया कि उसकी शादी साढ़े तीन वर्ष पूर्व हुई थी।

शादी के कुछ दिन बाद से ही पति-पत्नी के बीच मतभेद चला आ रहा था। गुरुवार की रात भी पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई। उसके बाद गुस्से में उसके भाई ने सल्फास की गोली खा ली। उससे उसकी तबीयत काफी बिगड़ गई। उसके बाद उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया। वहां प्राथमिक उपचार करने के बाद उसकी हालत देखते हुए पटना रेफर कर दिया गया था।

हालांकि पटना ले जाने के बदले उसे शहर में ही स्थित एक प्राइवेट हॉस्पिटल ले जाया गया। वहां करीब दो घंटे इलाज के बाद दूसरे अस्पताल ले जाया गया। इस बीच शुक्रवार की सुबह इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। उसके बाद शव सदर अस्पताल लाया गया और पुलिस को सूचना दी गयी। तब पुलिस अस्पताल पहुंची और शव का पोस्टमार्टम कराया गया।

भाई सूरज कुमार ने पति-पत्नी के बीच चल रहे आपसी विवाद में सल्फास की गोली खाने से अपने भाई की मौत होने की बात कही गई है। बताया जा रहा है कि रवि कुमार अपने चार भाई और दो बहनों में छोटा था। उसके परिवार में मां प्रेमलता देवी,पत्नी शालिनी कुमारी और डेढ़ वर्ष की एक पुत्री है। घटना के बाद उसके घर में कोहराम मच गया है।  मां और पत्नी सहित परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।