मसर्हिया गोलीकांड में दोनों पक्षों पर एफआईआर, चार गिरफ्तार

मुरार थाना क्षेत्र के मसर्हिया गांव में रविवार की देर शाम वर्चस्व को लेकर दो पक्षों के बीच हुई ताबड़तोड़ गोलीबारी के मामले में पुलिस की कार्रवाई तेज हो गई है। घटना को लेकर दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। एक पक्ष के गुप्तेश्वर सिंह तथा दूसरे पक्ष के सुरेश यादव के बयान पर मुरार थाने में अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गई है।

मसर्हिया गोलीकांड में दोनों पक्षों पर एफआईआर, चार गिरफ्तार

__ 15 नामजद समेत 23 पर मुकदमा, मौके से नौ खोखा और दो बाइक बरामद; दूसरे दिन भी गांव में तनाव, फरार आरोपितों की तलाश में छापेमारी तेज

केटी न्यूज/चौगाईं।

मुरार थाना क्षेत्र के मसर्हिया गांव में रविवार की देर शाम वर्चस्व को लेकर दो पक्षों के बीच हुई ताबड़तोड़ गोलीबारी के मामले में पुलिस की कार्रवाई तेज हो गई है। घटना को लेकर दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। एक पक्ष के गुप्तेश्वर सिंह तथा दूसरे पक्ष के सुरेश यादव के बयान पर मुरार थाने में अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गई है। दोनों प्राथमिकी में कुल 15 नामजद तथा आठ अज्ञात समेत 23 लोगों को आरोपित बनाया गया है।गोलीबारी की घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों से कुल चार लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों में मसर्हिया गांव निवासी शेषनाथ यादव, भृगुनाथ यादव, मदन यादव तथा नावानगर थाना क्षेत्र के कुलमनपुर गांव निवासी राहुल यादव शामिल हैं। पुलिस ने घटनास्थल से नौ खोखा और दो बाइक भी बरामद की है। वहीं, प्राथमिकी में नामजद अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है।

__ दूसरे दिन भी तनाव, पुलिस की मुस्तैदी बढ़ी

गोलीबारी की घटना के दूसरे दिन सोमवार को भी मसर्हिया गांव में तनाव का माहौल बना रहा। हालांकि पुलिस की लगातार मौजूदगी और गश्त के कारण स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है। घटना के बाद से गांव में सन्नाटा पसरा है और ग्रामीण किसी तरह की प्रतिक्रिया देने से बच रहे हैं। पुलिस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए दोनों पक्षों की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है।प्रभारी एसडीपीओ समीर कुमार सिंह ने बताया कि घटना को पुलिस ने बेहद गंभीरता से लिया है। दोनों पक्षों के आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। अब तक पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। घटनास्थल से नौ खोखा और दो बाइक बरामद हुई हैं। फरार आरोपितों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

__ दिन में भी भिड़े थे दोनों पक्ष, मठियापुर में भी फायरिंग

जानकारों के अनुसार, मसर्हिया में रविवार की देर शाम हुए खूनी टकराव से पहले दिन में भी दोनों पक्ष आमने-सामने आए थे। बताया जा रहा है कि दिन के समय भी फायरिंग की घटना हुई थी। इस घटना का संबंध बगेन थाना क्षेत्र के मठियापुर गांव से बताया जा रहा है। मठियापुर में भी दोनों पक्षों की ओर से प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। एक पक्ष के गौतम यादव के बयान पर छह तथा दूसरे पक्ष के धनंजय यादव के बयान पर चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। दोनों प्राथमिकी में कुल 10 लोग आरोपित बनाए गए हैं।प्रभारी एसडीपीओ ने बगेन थाना क्षेत्र की घटना का भी संज्ञान लिए जाने की बात कही है। पुलिस फिलहाल पूरे घटनाक्रम को पुरानी रंजिश और आपसी वर्चस्व से जोड़कर जांच कर रही है। लगातार सामने आ रही फायरिंग की घटनाओं से मसर्हिया समेत आसपास के इलाकों में भी तरह-तरह की चर्चाएं तेज हैं। पुलिस अब यह खंगालने में जुटी है कि दोनों पक्षों के बीच विवाद की असली वजह क्या है और इस पूरे घटनाक्रम में कौन-कौन लोग सक्रिय रहे हैं।