हड़ताल की भेंट चढ़ा चौसा अंचल, प्रमाण पत्रों के लिए भटक रहे अभ्यर्थी

सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए जरूरी प्रमाण पत्र हासिल करना अब चुनौती बनता जा रहा है। चौसा अंचल कार्यालय के कर्मचारियों के अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाने से कार्यालय का कामकाज बुरी तरह प्रभावित हो गया है। मंगलवार से शुरू हुई इस हड़ताल का सीधा असर उन लोगों पर पड़ रहा है, जो जाति, आय, निवास सहित अन्य जरूरी प्रमाण पत्र बनवाने के लिए अंचल कार्यालय पर निर्भर हैं।

हड़ताल की भेंट चढ़ा चौसा अंचल, प्रमाण पत्रों के लिए भटक रहे अभ्यर्थी

__ बहाली की तैयारी कर रहे युवाओं की बढ़ी चिंता, जाति-आय-निवास प्रमाण पत्र जारी होने की प्रक्रिया प्रभावित; राजस्व संबंधी कामकाज पर भी लगा ब्रेक

केटी न्यूज/चौसा।

सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए जरूरी प्रमाण पत्र हासिल करना अब चुनौती बनता जा रहा है। चौसा अंचल कार्यालय के कर्मचारियों के अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाने से कार्यालय का कामकाज बुरी तरह प्रभावित हो गया है। मंगलवार से शुरू हुई इस हड़ताल का सीधा असर उन लोगों पर पड़ रहा है, जो जाति, आय, निवास सहित अन्य जरूरी प्रमाण पत्र बनवाने के लिए अंचल कार्यालय पर निर्भर हैं। समय पर प्रमाण पत्र नहीं मिलने की आशंका से बहाली की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों की चिंता बढ़ गई है।विभिन्न सरकारी विभागों में चल रही नियुक्ति प्रक्रियाओं के बीच बड़ी संख्या में अभ्यर्थी ऑनलाइन माध्यम से जरूरी प्रमाण पत्रों के लिए आवेदन कर रहे हैं। लेकिन कर्मचारियों की हड़ताल के कारण आवेदनों के निष्पादन और प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया प्रभावित हो रही है। ऐसे में अभ्यर्थियों को आशंका है कि यदि हड़ताल लंबी चली, तो उन्हें निर्धारित समय सीमा के भीतर जरूरी दस्तावेज जुटाने में परेशानी हो सकती है।

__ राजस्व कार्यों पर भी पड़ सकता है असर

अंचल कार्यालय में केवल प्रमाण पत्र ही नहीं, बल्कि जमीन से जुड़े विभिन्न कार्यों और राजस्व संबंधी मामलों के निष्पादन के लिए भी लोग पहुंचते हैं। कर्मचारियों की अनुपस्थिति से इन कार्यों के प्रभावित होने की आशंका है। कार्यालय में काम कराने पहुंच रहे लोगों को निराश होकर लौटना पड़ रहा है। इससे आम लोगों की परेशानी बढ़ गई है।

__ हड़ताल की अवधि पर असमंजस

इस संबंध में चौसा के अंचलाधिकारी विजय प्रकाश ने बताया कि मंगलवार से अंचल के कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं। इसके चलते कार्यालय के नियमित कार्य प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि फिलहाल हड़ताल कब तक जारी रहेगी, इस बारे में स्थिति स्पष्ट नहीं है।हड़ताल की अवधि को लेकर अनिश्चितता के बीच अब लोगों की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि अंचल कार्यालय में कामकाज सामान्य कब होगा और लंबित आवेदनों का निष्पादन कब शुरू हो सकेगा।