प्रेमिका के साथ पकड़ाए युवक को बंधक बना पिटाई, वायरल वीडियो से खुला राज, पुलिस ने शुरू की जांच

कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के अरियाव पंचायत अंतर्गत एक गांव में युवक के साथ मारपीट और दुर्व्यवहार के मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है। मामले में एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा रही है।

प्रेमिका के साथ पकड़ाए युवक को बंधक बना पिटाई, वायरल वीडियो से खुला राज, पुलिस ने शुरू की जांच

केटी न्यूज/कृष्णाब्रह्म

कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के अरियाव पंचायत अंतर्गत एक गांव में युवक के साथ मारपीट और दुर्व्यवहार के मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है। मामले में एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा रही है।जानकारी के अनुसार शनिवार की रात एक युवक गांव में पहुंचा था। इसी दौरान कुछ लोगों ने उसे पकड़ लिया और उसके साथ मारपीट की। आरोप है कि युवक को कुछ समय तक रोककर रखा गया तथा उसके साथ अभद्र व्यवहार भी किया गया। घटना के दौरान मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित होने लगा।

वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय स्तर पर मामले को लेकर चर्चा शुरू हो गई। घटना को लेकर विभिन्न प्रकार की बातें सामने आ रही हैं, हालांकि पुलिस अभी सभी पहलुओं की जांच कर रही है। वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे लोगों की पहचान करने तथा घटना की वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई में जुटी हुई है।सूत्रों के अनुसार प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि युवक का गांव की एक युवती से परिचय था और वह उसी सिलसिले में वहां पहुंचा था। हालांकि पुलिस ने इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और पूरे मामले की जांच के बाद ही स्पष्ट जानकारी सामने आने की बात कही है।

जांच के क्रम में पुलिस ने नाटा डेरा गांव निवासी रबिन्द्र यादव को हिरासत में लिया है। उससे पूछताछ कर घटना की जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही वीडियो के आधार पर अन्य संदिग्ध लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।कृष्णाब्रह्म थानाध्यक्ष रवि कुमार ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल संज्ञान लिया है। वीडियो और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों की जांच की जा रही है। मामले में जो भी व्यक्ति दोषी पाए जाएंगे, उनके विरुद्ध कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष और गहन जांच कर रही है तथा जल्द ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।