स्कूलों की बदली टाइमिंग, अब मॉर्निंग संचालित होंगे स्कूल

शिक्षा विभाग ने भीषण गर्मी के मौसम को देखते हुए स्कूलों की समय सारिणी में बदलाव किया है। नई समय सारिणी सात अप्रैल से सभी प्राथमिक तथा मध्य विद्यालयों के लिए लागू की गई है।

स्कूलों की बदली टाइमिंग, अब मॉर्निंग संचालित होंगे स्कूल

केटी न्यूूज/बक्सर

शिक्षा विभाग ने भीषण गर्मी के मौसम को देखते हुए स्कूलों की समय सारिणी में बदलाव किया है। नई समय सारिणी सात अप्रैल से सभी प्राथमिक तथा मध्य विद्यालयों के लिए लागू की गई है।

नई समय सारिणी के अनुसार सात अपै्रल से विद्यालयों का संचालन सुबह 6.30 बजे से दोपहर 12.30 बजे तक निर्धारित किया गया है। शुक्रवार को शिक्षा विभाग द्वारा जारी पत्र में कहा गया है कि यह आदेश सात अप्रैल से एक जून तक प्रभावी होगा। अर्थात गर्मी की छुट्टियों से पूर्व विद्यालय अब सुबह साढ़े छह बजे खुलेंगे और दोपहर 12.30 बजे बंद होंगे।

सुबह आधे घंटे का समय साफ-सफाई और प्रार्थना के लिए निर्धारित किया गया है। सात बजे से कक्षाएं प्रारंभ होगी। एक घंटी का समय 40 मिनट का होगा तथा तीन घंटी की पढ़ाई के बाद नौ से 9.40 बजे तक 40 मिनट का मध्याह्न का समय होगा। इस दौरान बच्चे एमडीएम खाएंगे, इसके बाद फिर से कक्षाओं का संचालन 12.20 बजे तक होगा तथा 12.20 के बाद अगले दस मिनट तक शिक्षक व प्रधानाध्यापक अगले दिन की पाठ्य योजना तैयार करेंगे। 

स्कूलों के मॉर्निंग संचालन की जानकारी मिलते ही छात्रों तथा शिक्षकों में खुशी व्याप्त है। गौरतलब हो कि गर्मी के मौसम में तल्ख धूप व बदन को झुलसा देने वाली लू के कारण पूरे दिन स्कूलों का संचालन मुश्किल होता है।