इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा 2026: बक्सर में शांतिपूर्ण रही अंग्रेजी व हिन्दी की परीक्षा
इंटरमीडिएट वार्षिक सैद्धांतिक परीक्षा 2026 के तहत बक्सर जिले में शुक्रवार को प्रथम एवं द्वितीय पाली में आयोजित परीक्षाएं पूरी तरह शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुईं। जिला नियंत्रण कक्ष से प्राप्त आधिकारिक जानकारी के अनुसार सभी परीक्षा केंद्रों पर कदाचारमुक्त परीक्षा सुनिश्चित की गई और कहीं से भी किसी प्रकार की अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।
केटी न्यूज/बक्सर
इंटरमीडिएट वार्षिक सैद्धांतिक परीक्षा 2026 के तहत बक्सर जिले में शुक्रवार को प्रथम एवं द्वितीय पाली में आयोजित परीक्षाएं पूरी तरह शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुईं। जिला नियंत्रण कक्ष से प्राप्त आधिकारिक जानकारी के अनुसार सभी परीक्षा केंद्रों पर कदाचारमुक्त परीक्षा सुनिश्चित की गई और कहीं से भी किसी प्रकार की अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।प्रथम पाली में अंग्रेजी विषय की परीक्षा आयोजित की गई, जिसमें कुल 9,764 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इनमें से 9,644 परीक्षार्थी परीक्षा में उपस्थित हुए, जबकि 120 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।

इस पाली में किसी भी परीक्षार्थी को निष्कासित नहीं किया गया, जो प्रशासनिक सतर्कता और परीक्षा व्यवस्था की सफलता को दर्शाता है।वहीं द्वितीय पाली में हिन्दी विषय की परीक्षा संपन्न हुई। इस पाली में कुल 14,312 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होने के लिए निर्धारित थे, जिनमें से 14,143 परीक्षार्थी उपस्थित रहे। कुल 169 परीक्षार्थी अनुपस्थित पाए गए। इस पाली में भी किसी परीक्षार्थी के निष्कासन की कोई घटना सामने नहीं आई।जिला नियंत्रण कक्ष के अनुसार सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी, पुलिस बल एवं केंद्राधीक्षक की तैनाती की गई थी।

परीक्षा केंद्रों के आसपास धारा 163 (पूर्व में 144) लागू रही, जिससे असामाजिक तत्वों पर नियंत्रण रखा जा सका। साथ ही सीसीटीवी कैमरों और उड़नदस्ता दलों के माध्यम से सतत निगरानी की गई।प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि परीक्षार्थियों को समय पर प्रवेश, प्रश्न पत्र वितरण और उत्तर पुस्तिकाओं के संकलन की प्रक्रिया सुचारु रूप से संपन्न कराई गई। जिला प्रशासन ने सफल एवं शांतिपूर्ण परीक्षा आयोजन के लिए सभी संबंधित अधिकारियों, शिक्षकों, पुलिसकर्मियों और केंद्र कर्मियों के सहयोग की सराहना की है।

