बक्सर में “बोधिका” ई-पत्रिका का विमोचन, शिक्षा में नवाचार को मिलेगा बढ़ावा

जिला शिक्षा विभाग, बक्सर द्वारा प्रकाशित मासिक शैक्षिक ई-पत्रिका “बोधिका” के अप्रैल अंक का विमोचन शनिवार को एक गरिमामय कार्यक्रम के दौरान किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा विभाग के अधिकारियों एवं शिक्षाविदों की उपस्थिति रही, जहां पत्रिका को शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार और रचनात्मकता को प्रोत्साहित करने वाला महत्वपूर्ण कदम बताया गया।

बक्सर में “बोधिका” ई-पत्रिका का विमोचन, शिक्षा में नवाचार को मिलेगा बढ़ावा

__ शिक्षकों और विद्यार्थियों के लिए रचनात्मक मंच बनी मासिक पत्रिका, अधिकारियों व शिक्षाविदों ने सराहा प्रयास

केटी न्यूज/बक्सर

जिला शिक्षा विभाग, बक्सर द्वारा प्रकाशित मासिक शैक्षिक ई-पत्रिका “बोधिका” के अप्रैल अंक का विमोचन शनिवार को एक गरिमामय कार्यक्रम के दौरान किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा विभाग के अधिकारियों एवं शिक्षाविदों की उपस्थिति रही, जहां पत्रिका को शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार और रचनात्मकता को प्रोत्साहित करने वाला महत्वपूर्ण कदम बताया गया।कार्यक्रम में जिला कार्यक्रम पदाधिकारी चन्दन कुमार द्विवेदी, डायट डुमरांव के वरीय व्याख्याता डॉ. नवनीत कुमार सिंह सहित पत्रिका के संपादन से जुड़े सदस्यों ने संयुक्त रूप से “बोधिका” का लोकार्पण किया। इस अवसर पर वक्ताओं ने पत्रिका की उपयोगिता और इसके शैक्षणिक महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला।

जिला कार्यक्रम पदाधिकारी चन्दन कुमार द्विवेदी ने कहा कि “बोधिका” जैसी ई-पत्रिका शिक्षकों एवं विद्यार्थियों को अपनी रचनात्मकता प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करती है। उन्होंने इसे ज्ञान-विस्तार और नवाचार को बढ़ावा देने वाला प्रभावी मंच बताते हुए कहा कि इस तरह की पहल से शिक्षा की गुणवत्ता में सकारात्मक सुधार संभव है।वहीं, डॉ. नवनीत कुमार सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि यह पत्रिका शिक्षण-अधिगम प्रक्रिया को समृद्ध करने में सहायक है। उन्होंने कहा कि इसके माध्यम से शिक्षक अपने अनुभवों, प्रयोगों और नवाचारों को साझा कर सकते हैं, जिससे अन्य शिक्षकों को भी सीखने और बेहतर करने की प्रेरणा मिलती है।

कार्यक्रम में मौजूद अन्य शिक्षाविदों ने भी पत्रिका के नियमित प्रकाशन की सराहना की। उन्होंने कहा कि “बोधिका” जिले में शैक्षिक गतिविधियों को नई दिशा देने के साथ-साथ शिक्षकों और विद्यार्थियों के बीच ज्ञान के आदान-प्रदान को मजबूत करेगी।इस अवसर पर राम भजन राम, सुरेन्द्र प्रसाद, विमल कुमार सिंह, मो. इमाम अली अंसारी, डॉ. मृत्युंजय राय, सुगंधा कुमारी, रवि प्रकाश, राजेश कुमार राय, रवि शंकर गुप्ता, संदीप आर्य, सुभाष चौहान सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।अंत में सभी उपस्थित अधिकारियों और शिक्षाविदों ने इस पहल को जिले की शैक्षिक उन्नति के लिए उपयोगी बताते हुए भविष्य में भी ऐसे रचनात्मक प्रयासों को निरंतर जारी रखने पर बल दिया।