बालिका शिक्षा को बढ़ावा: ठोरी पांडेयपुर कस्तूरबा विद्यालय में रंगारंग कार्यक्रम
प्रखंड के ठोरी पांडेयपुर स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में शनिवार को बालिका शिक्षा को समर्पित एक प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और भावनात्मक क्षणों का साक्षी बना, जहां छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
__ आठवीं पास 25 छात्राओं को सम्मान के साथ विदाई, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
केटी न्यूज/चौगाईं
प्रखंड के ठोरी पांडेयपुर स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में शनिवार को बालिका शिक्षा को समर्पित एक प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और भावनात्मक क्षणों का साक्षी बना, जहां छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।कार्यक्रम की शुरुआत छात्राओं द्वारा प्रस्तुत गीत एवं नृत्य से हुई, जिसने उपस्थित अतिथियों और अभिभावकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। रंग-बिरंगी प्रस्तुतियों में छात्राओं का आत्मविश्वास और रचनात्मकता साफ झलक रही थी।

उपस्थित लोगों ने तालियों की गूंज के साथ उनका उत्साहवर्धन किया।इस दौरान विद्यालय में आठवीं कक्षा की पढ़ाई पूरी कर रही 25 छात्राओं को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। छात्राओं को प्रतीक चिह्न एवं उपहार देकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। विदाई के समय छात्राओं और शिक्षकों के बीच भावनात्मक माहौल बन गया। कई छात्राओं ने मंच से अपने अनुभव साझा करते हुए विद्यालय के प्रति आभार व्यक्त किया और आगे की पढ़ाई जारी रखने का संकल्प दोहराया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी सुरेश प्रसाद ने अपने संबोधन में कहा कि कस्तूरबा विद्यालय ग्रामीण क्षेत्रों में बालिका शिक्षा को सशक्त बनाने का सशक्त माध्यम बन चुका है। उन्होंने छात्राओं को निरंतर शिक्षा प्राप्त कर आत्मनिर्भर बनने और समाज में अपनी अलग पहचान स्थापित करने के लिए प्रेरित किया।इस अवसर पर मुखिया श्रवण कुमार, उप प्रमुख राहुल मेहता, प्रधान शिक्षक सह संचालक अमित केशरी, कृति कुमारी समेत कई शिक्षक, अभिभावक और गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन शिक्षक रामावतार शास्त्री ने किया।

