चौसा में किशोरियों की सेहत पर फोकस: एचपीवी टीकाकरण के साथ जागरूकता अभियान तेज

किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से चौसा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में एचपीवी टीकाकरण के साथ विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग ने न सिर्फ टीकाकरण किया, बल्कि छात्राओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाने पर भी विशेष जोर दिया।

चौसा में किशोरियों की सेहत पर फोकस: एचपीवी टीकाकरण के साथ जागरूकता अभियान तेज

केटी न्यूज/चौसा

किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से चौसा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में एचपीवी टीकाकरण के साथ विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग ने न सिर्फ टीकाकरण किया, बल्कि छात्राओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाने पर भी विशेष जोर दिया।कार्यक्रम के दौरान 16 छात्राओं को ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) का टीका लगाया गया। प्रभारी चिकित्सक डॉ. विमल कुमार चंद्रमणी ने बताया कि सर्वाइकल कैंसर महिलाओं में तेजी से बढ़ने वाली खतरनाक बीमारियों में शामिल है, लेकिन समय पर टीकाकरण और नियमित जांच से इससे काफी हद तक बचाव संभव है।

उन्होंने कहा कि किशोरावस्था में लगाया जाने वाला यह टीका भविष्य में कैंसर के खतरे को कम करने में बेहद प्रभावी साबित होता है।अभियान के दौरान स्वास्थ्यकर्मियों ने छात्राओं को कैंसर के शुरुआती लक्षणों, व्यक्तिगत स्वच्छता और नियमित स्वास्थ्य जांच के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही यह भी बताया गया कि किसी भी बीमारी के लक्षणों को नजरअंदाज न करते हुए समय पर चिकित्सकीय सलाह लेना कितना जरूरी है।

डॉ. चंद्रमणी ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपनी बेटियों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए ऐसे अभियानों में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जागरूकता और समय पर उठाए गए कदम ही गंभीर बीमारियों से बचाव का सबसे बड़ा हथियार हैं।इस मौके पर बीसीएम मंजू कुमार, सीसीएच रसिका कुमारी, अरविंद कुमार सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी और आशा कार्यकर्ता मौजूद रहे। स्वास्थ्य विभाग का लक्ष्य है कि इस तरह के अभियानों के माध्यम से अधिक से अधिक किशोरियों तक पहुंच बनाकर उन्हें सुरक्षित और जागरूक किया जा सके।