ग्रामीण खिलाड़ियों को मिलेगा नया मंच, कतिकनार में खेल परिसर की कवायद तेज
ग्रामीण क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में कतिकनार गांव में खेल अवसंरचना विकसित करने की मांग ने जोर पकड़ लिया है। इसी क्रम में डुमरांव विधायक राहुल कुमार सिंह ने खेल मंत्री श्रेयसी सिंह से मुलाकात कर कतिकनार में आधुनिक खेल स्टेडियम निर्माण की आवश्यकता को प्रमुखता से उठाया।

केटी न्यूज/केसठ
ग्रामीण क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में कतिकनार गांव में खेल अवसंरचना विकसित करने की मांग ने जोर पकड़ लिया है। इसी क्रम में डुमरांव विधायक राहुल कुमार सिंह ने खेल मंत्री श्रेयसी सिंह से मुलाकात कर कतिकनार में आधुनिक खेल स्टेडियम निर्माण की आवश्यकता को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने मंत्री को मांगपत्र सौंपते हुए क्षेत्र के खिलाड़ियों के हित में इस दिशा में शीघ्र पहल करने का अनुरोध किया।विधायक ने कहा कि केसठ प्रखंड तथा आसपास के ग्रामीण इलाकों में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। यहां के युवा फुटबॉल, क्रिकेट, कबड्डी, एथलेटिक्स समेत विभिन्न खेलों में लगातार अपनी क्षमता का प्रदर्शन कर रहे हैं।

हालांकि, पर्याप्त खेल सुविधाओं और प्रशिक्षण के अभाव में उन्हें अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए आवश्यक वातावरण नहीं मिल पाता। ऐसे में एक आधुनिक स्टेडियम का निर्माण क्षेत्र के खिलाड़ियों के लिए मील का पत्थर साबित हो सकता है।उन्होंने बताया कि कतिकनार गांव का भौगोलिक स्थान इस परियोजना के लिए उपयुक्त है। यहां तक आसपास के कई पंचायतों और प्रखंडों के खिलाड़ी आसानी से पहुंच सकते हैं। स्टेडियम बनने से स्थानीय स्तर पर खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन संभव होगा, जिससे खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। साथ ही प्रशिक्षकों और खेल विशेषज्ञों की पहुंच भी आसान हो सकेगी।

विधायक ने अपने प्रस्ताव में यह भी उल्लेख किया कि खेल सुविधाओं के विस्तार से युवाओं को सकारात्मक दिशा मिलेगी और वे खेल के माध्यम से राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना सकेंगे। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल संस्कृति को बढ़ावा देना समय की आवश्यकता है, क्योंकि इससे युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है।उन्होंने खेल मंत्री से आग्रह किया कि जनहित और क्षेत्र के युवाओं के भविष्य को ध्यान में रखते हुए कतिकनार में खेल स्टेडियम निर्माण की योजना को प्राथमिकता दी जाए। साथ ही आवश्यक प्रशासनिक स्वीकृति एवं वित्तीय संसाधन उपलब्ध कराकर इस महत्वाकांक्षी परियोजना को जल्द धरातल पर उतारा जाए, ताकि ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के लिए बेहतर मंच मिल सके।

