रिहायशी इलाके में तेल गोदाम बना आग का गोला, 25 लाख का मोबिल और कई वाहन स्वाहा

शहर के चरित्रवन स्थित मां अंबे फ्यूल सेंटर में रविवार की शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पेट्रोल पंप के गोदाम से अचानक उठी चिंगारी ने देखते ही देखते विकराल अग्निकांड का रूप ले लिया। ज्वलनशील सामग्री से भरे गोदाम में लगी आग इतनी भयावह थी कि दूर-दूर तक धुएं का गुबार और आग की ऊंची लपटें दिखाई देने लगीं।

रिहायशी इलाके में तेल गोदाम बना आग का गोला, 25 लाख का मोबिल और कई वाहन स्वाहा

__ चरित्रवन में शाम होते ही मची चीख-पुकार, पांच दमकलों की घंटों जंग के बाद टला बड़ा हादसा

केटी न्यूज/बक्सर

शहर के चरित्रवन स्थित मां अंबे फ्यूल सेंटर में रविवार की शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पेट्रोल पंप के गोदाम से अचानक उठी चिंगारी ने देखते ही देखते विकराल अग्निकांड का रूप ले लिया। ज्वलनशील सामग्री से भरे गोदाम में लगी आग इतनी भयावह थी कि दूर-दूर तक धुएं का गुबार और आग की ऊंची लपटें दिखाई देने लगीं। घटना में लाखों रुपये मूल्य का मोबिल जलकर राख हो गया, जबकि परिसर में खड़े कई चारपहिया वाहन भी आग की भेंट चढ़ गए।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शाम के समय गोदाम से धुआं निकलता देख लोगों ने शोर मचाया। कुछ ही मिनटों में आग ने पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया।पेट्रोल पंप परिसर में आग लगने की खबर फैलते ही आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।

रिहायशी इलाके में स्थित गोदाम के कारण लोगों को आशंका थी कि यदि आग पेट्रोल और अन्य ज्वलनशील पदार्थों तक पहुंच गई तो बड़ा विस्फोट हो सकता है। हालांकि समय रहते आग को नियंत्रित कर लिया गया, जिससे एक बड़ी त्रासदी टल गई।स्थानीय लोगों ने शुरुआती दौर में बाल्टी, पाइप और अन्य साधनों से आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग की तीव्रता के सामने उनके प्रयास बेअसर साबित हुए। सूचना मिलने के बाद अग्निशमन विभाग की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और मोर्चा संभाला। दमकल कर्मियों ने कई घंटे तक लगातार अभियान चलाकर आग को फैलने से रोका और अंततः उस पर पूरी तरह काबू पा लिया।इस अग्निकांड में गोदाम में रखा करीब 25 लाख रुपये मूल्य का मोबिल नष्ट हो गया। वहीं तीन वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गए, जबकि दो अन्य वाहन आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए हैं।

राहत की बात यह रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।घटना के बाद पेट्रोल पंप संचालक कमलेश पाल और भाजपा नेता सोनू राय ने दमकल विभाग के विलंब से पहुंचने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि यदि फायर ब्रिगेड समय पर पहुंच जाती तो नुकसान काफी कम हो सकता था।उधर अग्निशमन पदाधिकारी सत्यदेव सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम को रवाना कर दिया गया था और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। उन्होंने कहा कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, हालांकि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा। घटना के बाद पूरे शहर में इस अग्निकांड की चर्चा होती रही।