पीडीएस दुकानदारों की सात सूत्री मांगों को लेकर आंदोलन की तैयारी, बिहार में संगठन विस्तार का खाका तैयार
राज्य के करीब 55 हजार जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) दुकानदारों के लंबित मुद्दों को लेकर अब संगठन ने संघर्ष तेज करने की रणनीति तैयार कर ली है। पटना स्थित एम.आई.ए. सभागार में आयोजित ऑल इंडिया फेयर प्राइस शॉप डीलर्स फेडरेशन, बिहार प्रदेश इकाई के चुनाव के बाद हुई बैठक में दुकानदारों की समस्याओं और मांगों को लेकर व्यापक चर्चा की गई।

__ 55 हजार जन वितरण प्रणाली विक्रेताओं के हितों की लड़ाई तेज करने का फैसला, डॉ. मनोज यादव बने प्रदेश अध्यक्ष
केटी न्यूज/बक्सर :
राज्य के करीब 55 हजार जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) दुकानदारों के लंबित मुद्दों को लेकर अब संगठन ने संघर्ष तेज करने की रणनीति तैयार कर ली है। पटना स्थित एम.आई.ए. सभागार में आयोजित ऑल इंडिया फेयर प्राइस शॉप डीलर्स फेडरेशन, बिहार प्रदेश इकाई के चुनाव के बाद हुई बैठक में दुकानदारों की समस्याओं और मांगों को लेकर व्यापक चर्चा की गई।बैठक में सर्वसम्मति से डॉ. मनोज कुमार यादव को प्रदेश अध्यक्ष और देवन रजक को प्रदेश महामंत्री चुना गया। इसके साथ ही 51 सदस्यीय प्रदेश कार्यकारिणी का गठन किया गया, जिसमें संगठन के विभिन्न पदों पर पदाधिकारियों की जिम्मेदारी तय की गई। चुनाव के बाद नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का स्वागत किया गया।बैठक में बिहार प्रदेश फेयर प्राइस डीलर्स एसोसिएशन और ऑल इंडिया फेयर प्राइस शॉप डीलर्स फेडरेशन के पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया।

इस दौरान पीडीएस दुकानदारों की सात सूत्री मांगों को प्रमुखता से उठाया गया। संगठन ने सरकार से मांग की कि दुकानदारों को प्रतिमाह 30 हजार रुपये मानदेय दिया जाए तथा अनुकंपा के आधार पर लाइसेंस हस्तांतरण की सीमा को समाप्त किया जाए।बैठक में डोर स्टेप डिलीवरी व्यवस्था की समीक्षा करते हुए दुकानदारों को स्वयं गोदाम से खाद्यान्न उठाने की अनुमति देने और परिवहन खर्च का भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की गई। इसके अलावा दुकानदारों की अधिकतम आयु सीमा 75 वर्ष करने और उम्र पूरी होने के बाद नामित व्यक्ति को लाइसेंस हस्तांतरित करने की व्यवस्था लागू करने पर भी जोर दिया गया।संगठन ने यह भी मांग रखी कि खाद्यान्न वितरण केंद्रों का किराया, बिजली बिल, पीओएस मशीन की मरम्मत और अन्य संचालन खर्च सरकार द्वारा वहन किया जाए।

कंट्रोल एक्ट 2016 में संशोधन कर पीडीएस दुकानदारों के हितों के अनुरूप नया कानून बनाने की आवश्यकता भी जताई गई।संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए वर्ष 2026-27 में व्यापक सदस्यता अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। चुनाव में भागलपुर के चंदन कुमार को कार्यकारी अध्यक्ष, मुजफ्फरपुर के हीरालाल यादव को कोषाध्यक्ष, मोहम्मद अकील अहमद को प्रदेश उपाध्यक्ष, सहेंद्र पासवान को प्रदेश प्रवक्ता और महेश पासवान को कार्यालय प्रभारी चुना गया।कार्यक्रम में विजय कुमार गुप्ता, अशोक यादव, गुलाब रजक, हरेंद्र पासवान, सुरेंद्र प्रसाद, दशरथ कुमार, रामचंद्र महतो, कामेश्वर सिंह, रामचंद्र पासवान, अश्विनी सिंह और जोगिंदर झा समेत विभिन्न जिलों से आए पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।

