दहेज प्रताड़ना मामले में एक साल से फरार आरोपी पति दिल्ली से गिरफ्तार
नया भोजपुर थाना क्षेत्र में दहेज प्रताड़ना से जुड़े चर्चित मामले में पुलिस ने करीब एक साल बाद फरार चल रहे मुख्य नामजद आरोपी को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी राहुल कुमार ओझा को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। कार्रवाई थानाध्यक्ष चंदन कुमार के नेतृत्व में की गई।

__ पीएमसीएच में इलाज के दौरान हुई थी ज्योति की मौत, पिता की शिकायत पर पति समेत तीन पर दर्ज हुआ था मुकदमा
केटी न्यूज/डुमरांव।
नया भोजपुर थाना क्षेत्र में दहेज प्रताड़ना से जुड़े चर्चित मामले में पुलिस ने करीब एक साल बाद फरार चल रहे मुख्य नामजद आरोपी को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी राहुल कुमार ओझा को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। कार्रवाई थानाध्यक्ष चंदन कुमार के नेतृत्व में की गई।पुलिस के अनुसार, इस मामले में पुराना भोजपुर निवासी मदन शुक्ला ने अपनी पुत्री ज्योति कुमारी की मौत के बाद नया भोजपुर थाने में कांड संख्या 109/25 दर्ज कराया था। प्राथमिकी में उन्होंने अपने दामाद राहुल कुमार ओझा के अलावा सास किशोरी देवी और देवर अक्षयवर ओझा को नामजद किया था।

प्राथमिकी के मुताबिक ज्योति की शादी 28 फरवरी 2017 को हिंदू रीति-रिवाज से गायघाट निवासी राहुल कुमार ओझा के साथ हुई थी। शादी के बाद दंपति को दो बच्चे हुए। आरोप है कि कुछ समय बाद ससुराल पक्ष की ओर से दहेज की मांग को लेकर ज्योति को प्रताड़ित किया जाने लगा। उसके साथ मारपीट किए जाने की भी शिकायत सामने आई थी।मृतका के पिता का आरोप है कि पारिवारिक विवाद को पंचायत के जरिए कई बार सुलझाने का प्रयास किया गया, लेकिन हालात नहीं सुधरे। पति ज्योति को अपने साथ दिल्ली ले गया, जहां भी उसके साथ मारपीट किए जाने का आरोप लगाया गया। वर्ष 2023 में ज्योति मायके लौट आई थी। बाद में न्यायालय के आदेश पर उसे दोबारा ससुराल भेजा गया।

बताया गया कि ससुराल लौटने के बाद ज्योति की तबीयत लगातार खराब रहने लगी। आरोप है कि उसकी गंभीर स्थिति के बावजूद समुचित इलाज नहीं कराया गया। बाद में इलाज के लिए उसे पटना के पीएमसीएच में भर्ती कराया गया, जहां 26 सितंबर को उसकी मौत हो गई।मौत के बाद दर्ज प्राथमिकी की जांच में जुटी पुलिस मुख्य आरोपी की तलाश कर रही थी। लंबे समय से फरार चल रहे राहुल को दिल्ली से गिरफ्तार किए जाने के बाद पुलिस ने उसे जेल भेज दिया। वहीं, मामले में नामजद किशोरी देवी और अक्षयवर ओझा पहले से जमानत पर हैं। थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि मामले की जांच जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

