शादी-ब्याह के मौसम में एलपीजी आपूर्ति पर प्रशासन की कड़ी नजर
शादी-विवाह के बढ़ते सीजन और घरेलू गैस की बढ़ी मांग को देखते हुए जिला प्रशासन ने एलपीजी आपूर्ति व्यवस्था को लेकर निगरानी और सख्त कर दी है। जिलाधिकारी के निर्देश पर गैस एजेंसियों की लगातार जांच की जा रही है, वहीं जमाखोरी और कालाबाजारी रोकने के लिए दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है।

__ कालाबाजारी रोकने को छापेमारी तेज, 1294 शिकायतों का हुआ निष्पादन
केटी न्यूज/बक्सर
शादी-विवाह के बढ़ते सीजन और घरेलू गैस की बढ़ी मांग को देखते हुए जिला प्रशासन ने एलपीजी आपूर्ति व्यवस्था को लेकर निगरानी और सख्त कर दी है। जिलाधिकारी के निर्देश पर गैस एजेंसियों की लगातार जांच की जा रही है, वहीं जमाखोरी और कालाबाजारी रोकने के लिए दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है।जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने बताया कि जिले में इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम की कुल 27 गैस एजेंसियां कार्यरत हैं। इनमें आईओसीएल की 13, बीपीसीएल की 6 तथा एचपीसीएल की 8 एजेंसियां शामिल हैं। जिले में घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं की कुल संख्या करीब साढ़े तीन लाख है।प्रशासनिक आंकड़ों के अनुसार 13 मार्च 2026 से 8 मई 2026 तक उपभोक्ताओं के बीच 2 लाख 58 हजार 456 गैस सिलेंडरों का वितरण किया गया है।

वर्तमान में गैस एजेंसियों के पास 5523 सिलेंडरों का स्टॉक उपलब्ध है। जिले में प्रतिदिन औसतन 6419 सिलेंडरों की मांग है, जबकि प्रतिदिन लगभग 5570 सिलेंडरों की आपूर्ति हो रही है। इससे करीब 4.8 दिनों का बैकलॉग बना हुआ है।प्रशासन ने घरेलू गैस वितरण को व्यवस्थित रखने के लिए नई व्यवस्था लागू की है। इसके तहत शहरी क्षेत्रों के उपभोक्ता अंतिम डिलीवरी के 25 दिन बाद तथा ग्रामीण क्षेत्रों के उपभोक्ता 45 दिन बाद ही नया सिलेंडर बुक करा सकेंगे। अधिकारियों का कहना है कि इससे अनावश्यक बुकिंग और जमाखोरी पर रोक लगेगी।जिला प्रशासन ने गैस एजेंसियों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर लगातार छापेमारी शुरू कर दी है। अब तक कालाबाजारी और जमाखोरी के आरोप में दो प्राथमिकी दर्ज की जा चुकी हैं। शुक्रवार को भी चार गैस एजेंसियों और अन्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया गया।

उधर शादी और श्राद्ध कार्यक्रमों में वाणिज्यिक गैस की बढ़ती मांग को देखते हुए प्रशासन ने विशेष व्यवस्था लागू की है। संबंधित व्यक्ति को शादी का कार्ड संलग्न कर अनुमंडल पदाधिकारी के पास आवेदन देना होगा, जिसके आधार पर आवश्यकतानुसार वाणिज्यिक गैस उपलब्ध कराई जाएगी। बक्सर अनुमंडल में अब तक 643 तथा डुमरांव अनुमंडल में 511 आवेदन प्राप्त हुए हैं।आम लोगों की शिकायतों के समाधान के लिए जिला नियंत्रण कक्ष भी सक्रिय किया गया है। एलपीजी आपूर्ति से जुड़ी शिकायतों के लिए 06183-223333 नंबर जारी किया गया है। प्रशासन के अनुसार अब तक प्राप्त 1294 शिकायतों का निष्पादन कर दिया गया है।

