एलपीजी वितरण व्यवस्था पर प्रशासन सख्त, कालाबाजारी पर होगी कड़ी कार्रवाई

प्रभारी जिलाधिकारी निहारिका छवि की अध्यक्षता में समाहरणालय परिसर स्थित कार्यालय कक्ष में रसोई गैस (एलपीजी) आपूर्ति एवं वितरण व्यवस्था को लेकर प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इस दौरान जिले में गैस आपूर्ति की स्थिति, मांग एवं वितरण से जुड़े आंकड़े प्रस्तुत किए गए तथा व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए।

एलपीजी वितरण व्यवस्था पर प्रशासन सख्त, कालाबाजारी पर होगी कड़ी कार्रवाई

__ 25-45 दिन के अंतराल पर ही होगी नई बुकिंग, शिकायतों के समाधान के लिए कंट्रोल रूम सक्रिय

केटी न्यूज/बक्सर

प्रभारी जिलाधिकारी निहारिका छवि की अध्यक्षता में समाहरणालय परिसर स्थित कार्यालय कक्ष में रसोई गैस (एलपीजी) आपूर्ति एवं वितरण व्यवस्था को लेकर प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इस दौरान जिले में गैस आपूर्ति की स्थिति, मांग एवं वितरण से जुड़े आंकड़े प्रस्तुत किए गए तथा व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए।जिलाधिकारी ने बताया कि जिले में इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम एवं हिंदुस्तान पेट्रोलियम के अंतर्गत कुल 27 गैस एजेंसियां कार्यरत हैं। 13 मार्च से 2 अप्रैल तक कुल 98,894 गैस सिलेंडरों का वितरण उपभोक्ताओं के बीच किया गया है, जबकि 2 अप्रैल तक एजेंसियों के पास 4,852 सिलेंडर शेष हैं।

उन्होंने बताया कि जिले में प्रतिदिन औसतन 6,419 सिलेंडरों की मांग है, जबकि औसतन 5,791 सिलेंडरों की आपूर्ति हो रही है। वर्तमान में 29,310 गैस रिफिल बुकिंग लंबित हैं, जिससे लगभग 5.1 दिनों का बैकलॉग बना हुआ है।गैस वितरण को व्यवस्थित बनाए रखने के लिए शहरी क्षेत्रों में अंतिम सिलेंडर की आपूर्ति के 25 दिन बाद तथा ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन बाद ही नए सिलेंडर की बुकिंग की अनुमति दी गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित प्रक्रिया के तहत ही होम डिलीवरी के माध्यम से गैस सिलेंडर की आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।प्रशासन द्वारा गैस एजेंसियों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की लगातार जांच की जा रही है।

कालाबाजारी और जमाखोरी में संलिप्त पाए जाने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जा रही है। एक और दो अप्रैल को कुल 67 गैस एजेंसियों एवं अन्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया गया। जिला प्रशासन ने आमजनों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए जिला नियंत्रण कक्ष स्थापित किया है। गैस आपूर्ति से संबंधित किसी भी समस्या के लिए 06183-223333 पर संपर्क किया जा सकता है।2 अप्रैल तक नियंत्रण कक्ष में 689 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 576 का त्वरित निष्पादन किया जा चुका है, जबकि शेष पर कार्रवाई जारी है।

जिले में कुल 3,50,545 घरेलू एलपीजी कनेक्शन हैं, जबकि बक्सर अनुमंडल में 1,273 और डुमरांव अनुमंडल में 960 वाणिज्यिक गैस कनेक्शन संचालित हैं।प्रभारी जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि गैस आपूर्ति या अन्य आवश्यक वस्तुओं को लेकर भ्रामक या अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सोशल मीडिया की सतत निगरानी की जा रही है।अंत में जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने सोनामति गैस एजेंसी एवं कुँवर ज्योति गैस एजेंसी को बिना बुकिंग गैस वितरण, अधिक बैकलॉग तथा तीन दिन से अधिक विलंब से डिलीवरी के मामले में स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया है।