चौसा में अंबेडकर जयंती पर सांस्कृतिक समागम, दुगोला चैता में उमड़ी भारी भीड़
नगर पंचायत चौसा स्थित आदर्श उच्च विद्यालय के खेल मैदान में गुरुवार की रात भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के अवसर पर भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। दुगोला चैता कार्यक्रम में क्षेत्र के बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए और देर रात तक लोक संगीत का आनंद लेते रहे। आयोजन स्थल पर उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला।

__ बाबा साहब के विचारों और शिक्षा के संदेश के साथ देर रात तक गूंजता रहा लोकगीतों का सुर
केटी न्यूज/चौसा
नगर पंचायत चौसा स्थित आदर्श उच्च विद्यालय के खेल मैदान में गुरुवार की रात भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के अवसर पर भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। दुगोला चैता कार्यक्रम में क्षेत्र के बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए और देर रात तक लोक संगीत का आनंद लेते रहे। आयोजन स्थल पर उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला।कार्यक्रम का आयोजन बक्सर थर्मल पावर मजदूर यूनियन के महामंत्री एवं पूर्व जिला पार्षद अधिवक्ता डॉ. मनोज कुमार यादव के नेतृत्व में किया गया। समारोह का उद्घाटन इलाहाबाद विश्वविद्यालय के प्रो. आर.के. पांडेय तथा स्थानीय ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।


उद्घाटन के बाद अतिथियों का पारंपरिक तरीके से पगड़ी और माला पहनाकर स्वागत किया गया।सांस्कृतिक संध्या में उत्तर प्रदेश के बलिया से आए लोक कलाकार कमलेश देहाती और छपरा की चर्चित गायिका मनीषा राज ने चैता गायन की शानदार प्रस्तुति दी। लोकगीतों की मधुर धुन पर दर्शक झूम उठे। कलाकारों की प्रस्तुति ने पूरे माहौल को उत्सवमय बना दिया। देर रात तक तालियों और उत्साह का सिलसिला जारी रहा।इस मौके पर डॉ. मनोज कुमार यादव ने कहा कि बाबा साहब डॉ. अंबेडकर ने समाज के हर वर्ग को शिक्षा का अधिकार दिलाने का कार्य किया। उनके बताए रास्ते पर चलकर समाज को आगे बढ़ाया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि शिक्षा ही सामाजिक और आर्थिक उन्नति का सबसे बड़ा साधन है, इसलिए हर परिवार को अपने बच्चों की पढ़ाई पर विशेष ध्यान देना चाहिए।प्रो. आर.के. पांडेय ने कहा कि डॉ. अंबेडकर के विचार आज भी समाज को दिशा देने वाले हैं। उन्होंने शिक्षा को सामाजिक परिवर्तन का सबसे सशक्त माध्यम बताते हुए युवाओं से जागरूक बनने की अपील की।कार्यक्रम में कुशवाहा महासभा के अध्यक्ष रामाशीष कुशवाहा, प्रो. रमेश चंद्र श्रीवास्तव, विनोद कुमार सिंह, संजय सिंह, अधिवक्ता राम लखन पाल, सुनील कुमार सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। आयोजन की सफलता को लेकर स्थानीय लोगों ने प्रसन्नता जताई।

