अरियांव हत्याकांड में पुलिस का बड़ा एक्शन: पिता गिरफ्तार, मुख्य आरोपी की तलाश तेज
कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के अरियांव गांव में दिनदहाड़े किशोरी की गोली मारकर हत्या किए जाने के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने तेजी दिखाते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मृतका की मां के बयान पर पिता-पुत्र समेत तीन लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है। वहीं मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
__ किशोरी की हत्या मामले में पिता-पुत्र समेत तीन नामजद, आरोपी के घर से कारतूस बरामद
केटी न्यूज/कृष्णाब्रह्म
कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के अरियांव गांव में दिनदहाड़े किशोरी की गोली मारकर हत्या किए जाने के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने तेजी दिखाते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मृतका की मां के बयान पर पिता-पुत्र समेत तीन लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है। वहीं मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।घटना बुधवार दोपहर की है, जब गांव में अचानक गोलियों की आवाज से दहशत फैल गई। बताया जा रहा है कि आरोपित पिता-पुत्र घर पहुंचे और दरवाजा खटखटाने लगे। जैसे ही किशोरी ने दरवाजा खोला, एक युवक ने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगते ही किशोरी मौके पर गिर पड़ी और उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और आरोपी फरार हो गए।मृतका की मां रीमा देवी ने थाना में दर्ज कराए गए बयान में कहा है कि आरोपी पहले भी उनके घर आकर धमकी दे चुके थे। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना के दिन भी दरवाजा खुलते ही युवती को निशाना बनाकर गोली मारी गई। जब परिवार के अन्य सदस्य शोर सुनकर बाहर पहुंचे तो देखा कि आरोपी हाथ में पिस्टल लिए भाग रहे थे।पुलिस ने मामले में प्रवीण उपाध्याय उर्फ धनु उपाध्याय, प्रकाश उपाध्याय उर्फ सोनू उपाध्याय और उनके पिता परमहंश उपाध्याय को नामजद किया है। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए परमहंश उपाध्याय को गिरफ्तार कर गुरुवार को न्यायालय भेज दिया।

जांच के दौरान पुलिस ने आरोपितों के घर पर छापेमारी की, जहां से आठ जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। वहीं घटनास्थल से मिले खोखे और बरामद कारतूस के बीच समानता मिलने की बात सामने आई है। पुलिस का मानना है कि यह बरामदगी हत्याकांड के खुलासे में अहम कड़ी साबित हो सकती है।एसडीपीओ पोलस्त कुमार ने बताया कि मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस टीम हर एंगल से मामले की जांच कर रही है और जल्द ही फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।दिनदहाड़े हुई इस वारदात से पूरे इलाके में दहशत है। ग्रामीणों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है। पुलिस का दावा है कि हत्याकांड में शामिल कोई भी आरोपी बच नहीं पाएगा।

