बक्सर में दरवाजे पर सो रहे व्यक्ति की गला रेत हत्या, मचा कोहराम

बक्सर में दरवाजे पर सो रहे व्यक्ति की गला रेत हत्या, मचा कोहराम

_ सिकरौल थाना क्षेत्र के रेंका पांडेयपुर गांव की है घटना

केटी न्यूज/ डुमरांव

सिकरौल थाना क्षेत्र के रेंका पांडेयपुर गांव में दरवाजे पर सो रहे एक व्यक्ति की धारदार हथियार से गला रेत हत्या कर दी गई है। घटना शुक्रवार रात की है। सुबह में जब घर वालों की नींद टूटी तो खून से लथपथ उसका शव देख क्रंदन चित्कार मच गया। हालांकि मृतक के पास उसके बच्चे भी सोए थे, लेकिन बच्चों को भी रात में इस घटना की जानकारी नहीं मिल सकी है। मृतक की पहचान पांडेयपुर के रामेश्वर पांडेय के 42 वर्षीय पुत्र अक्षय कुमार पांडेय उर्फ बड़े पांडेय के रूप में की गई है। घटना की जानकारी मिलते ही सिकरौल थाने की पुलिस मौके पर पहुंच जांच में जुट गई है। घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ उमड़ी है। घटना के बाद से ही परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है। वही गांव में मायूसी छाई हुई है। घटना के कारणों और हत्यारों के संबंध में कुछ जानकारी नहीं मिल सकी है।

शराब तस्करी में कई बार जेल जा चुका है मृतक

मृतक अक्षय पांडेय शराब तस्करी से जुड़ा था। उसके घर से कई बार शराब की बड़ी खेप बरामद हो चुकी है तथा वह कई बार जेल भी जा चुका था। सूत्रों का कहना है कि हाल ही में वह जेल से बाहर आया था। इसी दौरान रात में किसी ने धारदार हथियार से उसका गला रेत दिया है।

बच्चों के साथ दरवाजे पर सोता था अक्षय

सूत्रों का कहना है कि मृतक अपने बच्चों के साथ घर के बाहर दरवाजे पर सोता था। रोज की तरह शुक्रवार की रात भी वह खाना खाकर अपने बच्चों के साथ दरवाजे पर सो रहा था। देर रात किसी ने इस घटना को अंजाम दिया है।