सरेंजा की बादशाहत, सिकरौल को हराकर प्रीमियर लीग ट्रॉफी पर जमाया कब्जा

नगर पंचायत क्षेत्र के कनक नारायणपुर खेल मैदान पर आयोजित सम्राट क्रिकेट क्लब की ओर से आयोजित प्रीमियर लीग क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला गुरुवार को रोमांच और उत्साह के बीच संपन्न हुआ। खिताबी भिड़ंत में सरेंजा और सिकरौल की टीम आमने-सामने हुई, जिसमें सरेंजा की टीम ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए सिकरौल को 26 रन से मात देकर प्रतियोगिता का विजेता बनने का गौरव हासिल किया।

सरेंजा की बादशाहत, सिकरौल को हराकर प्रीमियर लीग ट्रॉफी पर जमाया कब्जा

__ 10 ओवर के रोमांचक फाइनल में 26 रन से मिली जीत, शानदार प्रदर्शन से दर्शकों का जीता दिल

केटी न्यूज/चौसा

नगर पंचायत क्षेत्र के कनक नारायणपुर खेल मैदान पर आयोजित सम्राट क्रिकेट क्लब की ओर से आयोजित प्रीमियर लीग क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला गुरुवार को रोमांच और उत्साह के बीच संपन्न हुआ। खिताबी भिड़ंत में सरेंजा और सिकरौल की टीम आमने-सामने हुई, जिसमें सरेंजा की टीम ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए सिकरौल को 26 रन से मात देकर प्रतियोगिता का विजेता बनने का गौरव हासिल किया।फाइनल मुकाबले का शुभारंभ मुख्य अतिथि उप मुख्य पार्षद प्रतिनिधि विकास राज, मुखिया ब्रिजबिहारी सिंह, वार्ड पार्षद रामबाबू कुमार, छोटेलाल चौधरी और हृदय नारायण सिंह ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। उद्घाटन के बाद अतिथियों ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उनका उत्साह बढ़ाया।

दस-दस ओवर के इस निर्णायक मुकाबले में टॉस जीतकर सरेंजा की टीम ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया। शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज में खेलते हुए सरेंजा के बल्लेबाजों ने निर्धारित 10 ओवर में छह विकेट खोकर 136 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। टीम के बल्लेबाजों ने अहम समय पर रन जुटाकर अपनी टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी सिकरौल की टीम को सरेंजा के गेंदबाजों ने खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। लगातार अंतराल पर विकेट गिरने के कारण सिकरौल की टीम दबाव में आ गई और निर्धारित ओवर में पूरी टीम 110 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। इस तरह सरेंजा ने 26 रन की शानदार जीत दर्ज करते हुए प्रीमियर लीग की ट्रॉफी अपने नाम कर ली।

मैच समाप्त होने के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथियों ने विजेता सरेंजा और उपविजेता सिकरौल की टीम के खिलाड़ियों को ट्रॉफी एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया। अतिथियों ने कहा कि इस तरह के आयोजन ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।आयोजन समिति ने प्रतियोगिता को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी खिलाड़ियों, दर्शकों और स्थानीय लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। पूरे टूर्नामेंट के दौरान खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला और बड़ी संख्या में ग्रामीण मैदान पर मौजूद रहे।मौके पर दिनेश सिंह, महेंद्र पांडेय, रिजवान खान, शेषनाथ सिंह, जेपी सिंह, अखिलेश कुमार, दीनदयाल दुबे, समिति सदस्य संदीप कुमार, राजा, राजकुमार, राहुल कुमार, अभिषेक यादव, रुस्तम, रविंदर कुमार, नीरज सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।