दिल्ली के मैदान पर डुमरी के बेटे ने लहराया परचम, आयुष यादव ने रचा इतिहास
देश की राजधानी दिल्ली के ऐतिहासिक जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित 13वें राष्ट्रीय खेल में बक्सर जिले के सिमरी प्रखंड अंतर्गत डुमरी गांव के युवा खिलाड़ी आयुष यादव ने ऐसा प्रदर्शन किया, जिसने जिले ही नहीं बल्कि पूरे बिहार को गौरवान्वित कर दिया।

-- 13वें राष्ट्रीय खेल में स्वर्ण, रजत के साथ जीता ‘बेस्ट प्लेयर’ का खिताब, गांव से राष्ट्रीय पटल तक प्रतिभा की उड़ान
केटी न्यूज/सिमरी
देश की राजधानी दिल्ली के ऐतिहासिक जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित 13वें राष्ट्रीय खेल में बक्सर जिले के सिमरी प्रखंड अंतर्गत डुमरी गांव के युवा खिलाड़ी आयुष यादव ने ऐसा प्रदर्शन किया, जिसने जिले ही नहीं बल्कि पूरे बिहार को गौरवान्वित कर दिया। संयुक्त भारतीय खेल फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में आयुष ने प्रो कबड्डी में शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक, रजत पदक के साथ ‘बेस्ट प्लेयर अवार्ड’ अपने नाम कर लिया।

-- कड़ी प्रतिस्पर्धा में दिखाई असाधारण प्रतिभा
26 से 28 दिसंबर 2025 तक चले इस तीन दिवसीय राष्ट्रीय खेल महाकुंभ में देश के 20 से अधिक राज्यों से आए करीब 3,500 खिलाड़ियों ने विभिन्न खेल विधाओं में भाग लिया। प्रो कबड्डी की प्रतिस्पर्धा बेहद रोमांचक रही, जहां हर मुकाबला खिलाड़ियों की शारीरिक क्षमता और रणनीतिक समझ की परीक्षा ले रहा था। ऐसे माहौल में आयुष यादव ने अपने तेज रिफ्लेक्स, बेहतरीन रेडिंग स्किल और मजबूत डिफेंस से सभी को प्रभावित किया और निर्णायकों की नजरों में सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी बनकर उभरे।

-- साधारण गांव से असाधारण सफलता की कहानी
आयुष यादव सेवानिवृत्त महेंद्र सिंह यादव के पौत्र एवं प्रतिष्ठित शिक्षक देवेंद्र प्रसाद यादव के सुपुत्र हैं। ग्रामीण परिवेश में पले-बढ़े आयुष की यह उपलब्धि इस बात का प्रमाण है कि प्रतिभा संसाधनों की मोहताज नहीं होती। अनुशासन, कड़ी मेहनत और सही मार्गदर्शन के बल पर गांव का एक युवक राष्ट्रीय मंच पर अपनी अलग पहचान बना सकता है।

-- गांव में उत्सव, बधाइयों का तांता
आयुष की इस ऐतिहासिक सफलता की सूचना जैसे ही गांव के युवा नेता सुकेश गुप्ता द्वारा साझा की गई, डुमरी गांव में खुशी की लहर दौड़ गई। लोगों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी जाहिर की। फोन और सोशल मीडिया के माध्यम से बधाइयों का सिलसिला देर रात तक चलता रहा। आदित्य यादव, सुबोध गुप्ता, अंजय यादव, मनीष कुमार सहित कई गणमान्य लोगों ने आयुष और उनके परिवार को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।ग्रामीणों का कहना है कि आयुष यादव ने सिमरी प्रखंड ही नहीं, पूरे बक्सर जिले का मान बढ़ाया है। आज वह गांव के युवाओं के लिए प्रेरणा बन गए हैं, जिनके सपनों को उनकी सफलता ने नई उड़ान दे दी है।
