एनएच-922 पर ट्रक लूट कांड का 36 घंटे में खुलासे के करीब पहुंची पुलिस, परचून लदी ट्रक बरामद, तीन हिरासत में
पटना-बक्सर राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 922 पर हुई ट्रक लूट की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने महज 36 घंटे के भीतर खुलासा करने के करीब पहुंच गई है। पुलिस ने परचून लदी ट्रक को बरामद कर लिया है। इस कार्रवाई में तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। त्वरित कार्रवाई से पुलिस ने यह संदेश देने की कोशिश की है कि हाईवे पर अपराध बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
केटी न्यूज/कृष्णाब्रह्म
पटना-बक्सर राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 922 पर हुई ट्रक लूट की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने महज 36 घंटे के भीतर खुलासा करने के करीब पहुंच गई है। पुलिस ने परचून लदी ट्रक को बरामद कर लिया है। इस कार्रवाई में तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। त्वरित कार्रवाई से पुलिस ने यह संदेश देने की कोशिश की है कि हाईवे पर अपराध बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।जानकारी के अनुसार, 20 फरवरी की रात एनएच-922 के छोटका ढकाइच गांव के पास अपराधियों ने सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया।

ट्रक को रोककर खलासी का अपहरण कर लिया गया और उसे बंधक बनाकर परचून से भरी गाड़ी लेकर फरार हो गए।घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया था।मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय थाना पुलिस ने त्वरित जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्य और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस की टीम घटना में प्रयुक्त एक स्कॉर्पियो वाहन तक पहुंची। वाहन की बरामदगी के बाद जांच की कड़ियां तेजी से जुड़ती चली गईं। सूत्रों के मुताबिक, इसी सुराग के आधार पर पुलिस ने भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के बगल स्थित मठ के पास छापेमारी कर लूटी गई ट्रक को बरामद कर लिया।

कार्रवाई के दौरान तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है, जिनसे गहन पूछताछ जारी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गिरोह में और कौन-कौन शामिल हैं तथा वारदात की साजिश कहां रची गई थी। हालांकि, अनुसंधान प्रभावित न हो, इसे देखते हुए पुलिस अधिकारी फिलहाल आधिकारिक बयान देने से परहेज कर रहे हैं।हाईवे पर बढ़ती आपराधिक घटनाओं के बीच इस त्वरित कार्रवाई को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है। अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि पूछताछ में और कौन से चौंकाने वाले खुलासे सामने आते हैं।

