24 घंटे के भीतर लूटकांड का खुलासा, आम लदी पिकअप लूटने वाले चार बदमाश गिरफ्तार

स्थानीय थाना क्षेत्र में एनएच-922 पर आम लदी पिकअप और एक बाइक की लूट की सनसनीखेज घटना का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए उत्तर प्रदेश के चार अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से इस मामले का पर्दाफाश हुआ है। गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है, जबकि पुलिस का कहना है कि अनुसंधान अभी जारी है।

24 घंटे के भीतर लूटकांड का खुलासा, आम लदी पिकअप लूटने वाले चार बदमाश गिरफ्तार

__ एनएच-922 पर हथियार के बल पर वारदात को दिया था अंजाम, उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के चार आरोपी पुलिस की गिरफ्त में, पूछताछ जारी

केटी न्यूज/कृष्णाब्रह्म

स्थानीय थाना क्षेत्र में एनएच-922 पर आम लदी पिकअप और एक बाइक की लूट की सनसनीखेज घटना का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए उत्तर प्रदेश के चार अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से इस मामले का पर्दाफाश हुआ है। गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है, जबकि पुलिस का कहना है कि अनुसंधान अभी जारी है।जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की रात छोटका ढकाइच गांव के समीप पटना-बक्सर राष्ट्रीय राजमार्ग-922 पर स्कॉर्पियो सवार हथियारबंद बदमाशों ने आम लदी पिकअप को रोक लिया। बदमाशों ने चालक को हथियार का भय दिखाकर वाहन अपने कब्जे में ले लिया। इसी दौरान एक बाइक भी उनकी लूट का शिकार बनी।

वारदात को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी मौके से फरार हो गए थे।घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस सक्रिय हो गई और तकनीकी व मानवीय सूचना के आधार पर त्वरित छापेमारी अभियान चलाया। इस कार्रवाई में उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार अपराधियों की पहचान कोतवाली थाना क्षेत्र के राजपूत नेउरी निवासी शंकर चौरसिया, हल्दी थाना क्षेत्र के सीताकुंड परसिया निवासी रवि प्रकाश पांडेय उर्फ रोहित पांडेय, कोतवाली थाना क्षेत्र के बाजिदपुर निवासी अमित यादव तथा हल्दी थाना क्षेत्र के रपुरा गांव निवासी विशाल पटेल के रूप में हुई है।

इस मामले में पिकअप चालक उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले के माझा थाना क्षेत्र स्थित खानकाह गांव निवासी सत्यम के बयान पर स्थानीय थाना में तीन-चार अज्ञात अपराधियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपियों तक पहुंचने में सफलता हासिल की।हालांकि, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर लूटकांड से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है। अनुसंधान प्रभावित होने का हवाला देते हुए पुलिस ने फिलहाल बरामदगी और अन्य तथ्यों का खुलासा करने से परहेज किया है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही मामले से जुड़े सभी तथ्यों का खुलासा किया जाएगा।