मोबाइल स्क्रीन ब्लैक, खाते से 58 हजार साफ: बिना कॉल-लिंक के साइबर ठगी से दहशत में दुकानदार

कोरान सराय थाना क्षेत्र के मठिला गांव में एक चौंका ने वाली साइबर ठगी की घटना सामने आई है, जिसने डिजिटल सुरक्षा पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। किराना दुकानदार चंदन प्रसाद के खाते से महज कुछ ही मिनटों में 58 हजार रुपये उड़ा लिए गए, वो भी बिना किसी कॉल, लिंक या ओटीपी शेयर किए।

मोबाइल स्क्रीन ब्लैक, खाते से 58 हजार साफ: बिना कॉल-लिंक के साइबर ठगी से दहशत में दुकानदार

केटी न्यूज/डुमरांव

कोरान सराय थाना क्षेत्र के मठिला गांव में एक चौंका ने वाली साइबर ठगी की घटना सामने आई है, जिसने डिजिटल सुरक्षा पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। किराना दुकानदार चंदन प्रसाद के खाते से महज कुछ ही मिनटों में 58 हजार रुपये उड़ा लिए गए, वो भी बिना किसी कॉल, लिंक या ओटीपी शेयर किए।पीड़ित चंदन प्रसाद, जो पिछले पांच वर्षों से कोरान सराय बाजार में अपनी छोटी सी दुकान से परिवार का भरण-पोषण करते हैं, सोमवार दोपहर अपनी दुकान पर बैठे थे। अचानक उनका मोबाइल फोन ब्लैक हो गया।

उन्होंने फोन को स्विच ऑफ कर दोबारा चालू किया, लेकिन इसके कुछ ही देर बाद एक मैसेज ने उनके पैरों तले जमीन खिसका दी, खाते से 58 हजार रुपये की निकासी हो चुकी थी।घबराए चंदन ने तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल किया और कोरान सराय थाना पहुंचे। लेकिन यहां उन्हें मामला साइबर थाना से जुड़ा बताकर जिला मुख्यालय भेज दिया गया। वहां पहुंचने पर उन्हें यह कहकर वापस लौटा दिया गया कि एक लाख से कम की ठगी पर यहां प्राथमिकी दर्ज नहीं होती।इस बीच बैंक पहुंचने पर पता चला कि उनके खाते का बैलेंस पूरी तरह शून्य हो चुका है।सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि चंदन के अनुसार उन्होंने न तो किसी संदिग्ध लिंक पर क्लिक किया, न किसी से फोन पर बातचीत की और न ही कोई ओटीपी साझा किया।

इसके बावजूद यूपीआई के माध्यम से रकम निकल जाना कई तरह की आशंकाओं को जन्म दे रहा है—क्या यह मोबाइल हैकिंग का मामला है या फिर कोई नया साइबर फ्रॉड तरीका?इधर, इस घटना के बाद पूरे परिवार में दहशत का माहौल है। थाना प्रभारी माधुरी कुमारी ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है और पुलिस विभिन्न पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है।यह घटना न सिर्फ एक परिवार की आर्थिक सुरक्षा पर हमला है, बल्कि आम लोगों के लिए एक चेतावनी भी है कि डिजिटल लेन-देन के इस दौर में खतरे नए-नए रूप में सामने आ रहे हैं।