35 वर्षों की सेवा के बाद एएनएम लाचो देवी को भावभीनी विदाई, होली मिलन में छलका सम्मान का रंग
चौसा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में शनिवार को एक साथ सम्मान और उत्सव का माहौल देखने को मिला, जब एएनएम लाचो देवी के सेवानिवृत्त होने पर विदाई समारोह के साथ होली मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। लंबे समय तक मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी रहीं लाचो देवी को उनके समर्पित योगदान के लिए अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।

केटी न्यूज/बक्सर
चौसा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में शनिवार को एक साथ सम्मान और उत्सव का माहौल देखने को मिला, जब एएनएम लाचो देवी के सेवानिवृत्त होने पर विदाई समारोह के साथ होली मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। लंबे समय तक मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी रहीं लाचो देवी को उनके समर्पित योगदान के लिए अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. मणिपाल ने की। इस मौके पर डॉ. अखिलेश कुमार, डॉ. चंद्रमणि विमल, डॉ. जयप्रकाश भारती, बड़ा बाबू धीरेंद्र ओझा, हरे राम सिंह, नितिन कुमार राय, अरविंद कुमार, सीएचओ भूपेंद्र नाथ सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।

सभी ने लाचो देवी के सेवा काल को याद करते हुए कहा कि उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में टीकाकरण अभियान, प्रसव पूर्व जांच और स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रमों को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।वक्ताओं ने कहा कि लाचो देवी ने विपरीत परिस्थितियों में भी अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा और अनुशासन के साथ किया। उनकी कार्यशैली और व्यवहार ने न केवल सहकर्मियों बल्कि क्षेत्र की महिलाओं और परिवारों के बीच भी विश्वास कायम किया। स्वास्थ्य सेवाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने में उनका योगदान हमेशा याद किया जाएगा।

समारोह के दौरान होली मिलन कार्यक्रम में सभी ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर शुभकामनाएं दीं और सौहार्दपूर्ण वातावरण में पर्व की खुशियां साझा कीं। अपने संबोधन में लाचो देवी ने सहयोगियों के साथ बिताए पलों को याद करते हुए सभी के प्रति आभार जताया। कार्यक्रम आत्मीय माहौल में संपन्न हुआ।

