मातृत्व सुरक्षा अभियान में पोषण का संबल, 103 गर्भवतियों को मिला स्वास्थ्य परीक्षण और पोषण आहार

गर्भवती महिलाओं के बेहतर स्वास्थ्य और सुरक्षित मातृत्व को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चौसा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में आयोजित प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर में 103 गर्भवती महिलाओं की जांच की गई।

मातृत्व सुरक्षा अभियान में पोषण का संबल, 103 गर्भवतियों को मिला स्वास्थ्य परीक्षण और पोषण आहार

__  चौसा सीएचसी में विशेष शिविर, जोखिम वाली गर्भवतियों की पहचान कर दी गई चिकित्सकीय सलाह

केटी न्यूज/चौसा

गर्भवती महिलाओं के बेहतर स्वास्थ्य और सुरक्षित मातृत्व को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चौसा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में आयोजित प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर में 103 गर्भवती महिलाओं की जांच की गई। शिविर की खास बात यह रही कि स्वास्थ्य परीक्षण के साथ-साथ महिलाओं को पोषण के प्रति जागरूक करते हुए पोषण आहार भी वितरित किया गया।शिविर में क्षेत्र के विभिन्न गांवों से पहुंची गर्भवतियों का चिकित्सकों की टीम ने विस्तृत स्वास्थ्य परीक्षण किया। जांच के दौरान हिमोग्लोबिन, रक्तचाप, ब्लड ग्रुप, एचआईवी, हेपेटाइटिस समेत अन्य आवश्यक चिकित्सकीय जांचें की गईं। रिपोर्ट के आधार पर ऐसी महिलाओं की पहचान की गई जिनकी गर्भावस्था जोखिमपूर्ण श्रेणी में है।

उन्हें नियमित जांच कराने तथा चिकित्सकीय परामर्श का पालन करने की सलाह दी गई।स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि गर्भावस्था के दौरान समय-समय पर होने वाली जांचें संभावित जटिलताओं का समय रहते पता लगाने में मदद करती हैं। इससे मां और गर्भस्थ शिशु दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकती है। शिविर में महिलाओं को संस्थागत प्रसव के महत्व और सरकार द्वारा संचालित विभिन्न मातृ एवं शिशु कल्याण योजनाओं की भी जानकारी दी गई।प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. चंद्रमणी विमल ने कहा कि गर्भवती महिलाओं को संतुलित आहार, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण और चिकित्सकीय सलाह का पालन करना चाहिए। इससे प्रसव के दौरान होने वाले जोखिमों को काफी हद तक कम किया जा सकता है।

उन्होंने सभी गर्भवतियों से सरकारी स्वास्थ्य सुविधाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।इस अवसर पर बक्सर थर्मल प्लांट में तकनीकी कार्य कर रहे एनटीपीसी के इंजीनियरों एवं तकनीशियनों ने सामाजिक सरोकार निभाते हुए शिविर में पहुंची सभी गर्भवती महिलाओं के बीच पोषण आहार का वितरण किया। इस पहल को महिलाओं और उनके परिजनों ने सराहा।शिविर के दौरान स्वास्थ्यकर्मियों ने आयरन और कैल्शियम की गोलियों के नियमित सेवन, टीकाकरण, स्वच्छता तथा संतुलित भोजन के महत्व पर भी विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम के सफल संचालन में एलटी अमरेंद्र कुमार, अंतु सिंह, एएनएम तथा अन्य स्वास्थ्यकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।