बैंक से निकले गल्ला कारोबारी पर दिनदहाड़े धावा, एक लाख नकद व छह लाख के चेक लेकर फरार बदमाश
डुमरांव शहर में बुधवार दोपहर अपराधियों ने दुस्साहस की हद पार करते हुए बैंक से पैसा निकालकर घर लौट रहे एक गल्ला कारोबारी को निशाना बना लिया। शहर के व्यस्त छठिया पोखरा मोहल्ला में बाइक सवार बदमाशों ने कारोबारी को घेरकर झोला छीन लिया और उसमें रखे एक लाख रुपये नकद, छह लाख रुपये के दो भरे हुए चेक तथा जरूरी कागजात लेकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
__ छठिया पोखरा में वारदात से मचा हड़कंप, भीड़ ने दो आरोपित दबोचे, तीसरे और चौथे की तलाश में पुलिस की छापेमारी
केटी न्यूज/डुमरांव
डुमरांव शहर में बुधवार दोपहर अपराधियों ने दुस्साहस की हद पार करते हुए बैंक से पैसा निकालकर घर लौट रहे एक गल्ला कारोबारी को निशाना बना लिया। शहर के व्यस्त छठिया पोखरा मोहल्ला में बाइक सवार बदमाशों ने कारोबारी को घेरकर झोला छीन लिया और उसमें रखे एक लाख रुपये नकद, छह लाख रुपये के दो भरे हुए चेक तथा जरूरी कागजात लेकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।हालांकि कारोबारी के शोर मचाने और स्थानीय लोगों की तत्परता से दो संदिग्धों को मौके पर ही पकड़ लिया गया, जबकि तीसरा बदमाश झोला लेकर फरार होने में सफल रहा, जबकि चौथा पहले से बाइक स्टार्ट कर बैठा था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ के कब्जे से दोनों आरोपितों को छुड़ाकर थाने ले गई।

मिली जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के नंदन गांव निवासी स्व. द्वारिका गोंड उर्फ भंडोला गोंड के पुत्र मनु कुमार अनाज व्यवसाय से जुड़े हैं। बुधवार को वे राजगढ़ परिसर स्थित पंजाब नेशनल बैंक शाखा से एक लाख रुपये निकालकर बाइक से घर लौट रहे थे। जैसे ही वे छठिया पोखरा के समीप पहुंचे, पहले से घात लगाए बाइक सवार चार युवकों ने उन्हें घेर लिया। इसके बाद बदमाशों ने उनके हाथ से झोला छीन लिया और भागने लगे।झोले में नकदी के अलावा चार लाख और दो लाख रुपये के दो भरे हुए चेक तथा अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज रखे थे। अचानक हुई इस वारदात से कारोबारी कुछ पल के लिए हतप्रभ रह गए, लेकिन तुरंत शोर मचाया। आवाज सुनकर आसपास के दुकानदार और राहगीर दौड़ पड़े।

इसी दौरान दो आरोपित भीड़ के हत्थे चढ़ गए, जबकि तीसरा साथी बाइक लेकर निकल भागा।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पकड़े गए दोनों युवक लोगों को बहलाने की कोशिश करते रहे। वे बार-बार कह रहे थे कि भागे हुए साथी से रकम वापस दिला देंगे। कुछ देर तक वे मोबाइल पर संपर्क करने का नाटक भी करते रहे, लेकिन बाद में दोनों के फोन स्विच ऑफ हो गए। इसके बाद लोगों ने पुलिस को सूचना दी।पुलिस सूत्रों का कहना है कि पकड़े गए दोनों युवक अपना सही नाम-पता नहीं बता रहे हैं। उनसे कड़ी पूछताछ की जा रही है ताकि फरार साथी और गिरोह के अन्य सदस्यों तक पहुंचा जा सके।

थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा ने बताया कि फरार आरोपित की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।स्थानीय लोगों का कहना है कि शादी-विवाह के मौसम में शहर और बाजार क्षेत्रों में उचक्कों की सक्रियता बढ़ गई है। ये गिरोह बैंक, एटीएम और भीड़भाड़ वाले बाजारों में रेंकी कर लोगों को निशाना बना रहे हैं। घटना के बाद व्यापारियों में दहशत का माहौल है।

