पुलिस की घेराबंदी में छूटी शराब की खेप, 126 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद
शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के बीच चक्की पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। सोमवार की देर रात लक्ष्मण डेरा स्थित भागर पुल त्रिमुहानी के पास वाहन जांच के दौरान पुलिस ने 126 लीटर अंग्रेजी शराब की खेप बरामद की।

__ चक्की में वाहन जांच के दौरान पुलिस को देख अंधेरे में भाग निकला तस्कर, 630 बोतल शराब जब्त; पहचान में जुटी पुलिस
केटी न्यूज/चक्की।
शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के बीच चक्की पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। सोमवार की देर रात लक्ष्मण डेरा स्थित भागर पुल त्रिमुहानी के पास वाहन जांच के दौरान पुलिस ने 126 लीटर अंग्रेजी शराब की खेप बरामद की। पुलिस की कार्रवाई की भनक लगते ही शराब लेकर जा रहा तस्कर मौके पर ही खेप छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया। पुलिस अब फरार तस्कर की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि व्यासी की तरफ से शराब की एक बड़ी खेप चक्की क्षेत्र में लाई जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने लक्ष्मण डेरा के भागर पुल त्रिमुहानी के पास वाहन जांच शुरू की।

इसी दौरान संदिग्ध गतिविधि पर पुलिस की नजर पड़ी। पुलिस टीम को अपनी ओर बढ़ता देख तस्कर शराब की खेप छोड़कर अंधेरे में भाग निकला।पुलिस ने मौके की तलाशी ली तो 14 कार्टन में रखी 200 एमएल की 630 बोतल बंटी-बबली ब्रांड की अंग्रेजी शराब बरामद हुई। जांच के बाद शराब की कुल मात्रा 126 लीटर पाई गई। पुलिस ने शराब जब्त कर उसे थाने लाया और मामले में बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।थानाध्यक्ष ने बताया कि फरार तस्कर की पहचान के लिए पुलिस आसपास के क्षेत्रों में जानकारी जुटा रही है। उसके संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही फरार तस्कर को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

