बक्सर के बंजरिया गांव में जमीन विवाद बना खूनी संघर्ष, बड़े भाई की मौत, महिला समेत दो घायल
बक्सर जिले के मुरार थाना क्षेत्र अंतर्गत बंजरिया गांव में रविवार सुबह जमीन विवाद ने भयावह रूप ले लिया। वर्षों से चल रहे पारिवारिक विवाद के बीच दो सगे भाइयों में कहासुनी इतनी बढ़ गई कि मामला खूनी संघर्ष में बदल गया। घटना में बड़े भाई की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी और पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए।
केटी न्यूज/चौगाई
बक्सर जिले के मुरार थाना क्षेत्र अंतर्गत बंजरिया गांव में रविवार सुबह जमीन विवाद ने भयावह रूप ले लिया। वर्षों से चल रहे पारिवारिक विवाद के बीच दो सगे भाइयों में कहासुनी इतनी बढ़ गई कि मामला खूनी संघर्ष में बदल गया। घटना में बड़े भाई की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी और पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए।जानकारी के अनुसार, गांव निवासी कृष्णा यादव और उनके बड़े भाई अच्छेबरलाल यादव के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। रविवार सुबह दोनों पक्षों के बीच फिर से बहस शुरू हुई। देखते ही देखते विवाद उग्र हो गया और आरोप है कि कृष्णा यादव ने पास में रखा धारदार हथियार उठाकर हमला कर दिया।

हमले में अच्छेबरलाल यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके हाथ पर गहरा वार होने से काफी खून बह गया। बीच-बचाव करने पहुंचीं उनकी पत्नी मीना देवी और पुत्र विकास कुमार भी हमले की चपेट में आकर घायल हो गए। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग मौके पर जुट गए।ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को तत्काल चौगाई प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद अच्छेबरलाल यादव की हालत नाजुक देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बक्सर सदर अस्पताल रेफर कर दिया, जहां पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही मुरार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी कृष्णा यादव को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।मुरार थाना पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में जमीन विवाद को घटना का मुख्य कारण माना जा रहा है। मामले की जांच जारी है। वहीं गांव में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और एहतियातन पुलिस निगरानी बढ़ा दी गई है।

