तेज बहाव में बहा अज्ञात व्यक्ति, रामरेखा घाट पर मचा हड़कंप

नगर थाना क्षेत्र के रामरेखा घाट पर शनिवार को गंगा स्नान के दौरान एक व्यक्ति के डूबने की घटना से अफरातफरी मच गई। चश्मदीदों के अनुसार, करीब साढ़े तीन बजे वह व्यक्ति स्नान के लिए नदी में उतरा था। कुछ ही देर में तेज बहाव और गहरे पानी में जाने से वह डूब गया। स्थानीय लोगों ने बचाने का प्रयास किया, मगर असफल रहे।

तेज बहाव में बहा अज्ञात व्यक्ति, रामरेखा घाट पर मचा हड़कंप

केटी न्यूज/बक्सर  

नगर थाना क्षेत्र के रामरेखा घाट पर शनिवार को गंगा स्नान के दौरान एक व्यक्ति के डूबने की घटना से अफरातफरी मच गई। चश्मदीदों के अनुसार, करीब साढ़े तीन बजे वह व्यक्ति स्नान के लिए नदी में उतरा था। कुछ ही देर में तेज बहाव और गहरे पानी में जाने से वह डूब गया। स्थानीय लोगों ने बचाने का प्रयास किया, मगर असफल रहे।

सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और खोज अभियान शुरू कराया। गंगा आरती सेवा समिति के पुजारी अमरनाथ पांडे उर्फ लाला बाबा ने बताया कि मृतक की उम्र लगभग 50 वर्ष प्रतीत हो रही है। घाट से कपड़े और कुछ सामान बरामद हुआ है, लेकिन उसकी पहचान अभी तक नहीं हो पाई है।

नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने कहा कि गोताखोरों की मदद से शव की तलाश जारी है। उन्होंने बताया कि गंगा का जलस्तर इस समय चेतावनी बिंदु से ऊपर है, हालांकि खतरे के निशान से थोड़ा नीचे है। प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि गंगा स्नान के दौरान सावधानी बरतें। अधिकारियों ने कहा कि तेज धारा और गहराई के कारण नदी में उतरना जोखिम भरा हो सकता है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।