सोनपा में फुटबॉल का रोमांच, बारिश भी नहीं रोक सकी जुनून; खरगपुरा बना चैंपियन
चौसा प्रखंड के जलीलपुर पंचायत अंतर्गत सोनपा गांव में आयोजित तीन दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का समापन शुक्रवार को रोमांचक फाइनल मुकाबले के साथ हुआ। बारिश के कारण मैच कुछ समय के लिए प्रभावित जरूर हुआ, लेकिन खिलाड़ियों के उत्साह और दर्शकों के जोश में कोई कमी नहीं आई।

__ टाइब्रेकर में यूपी के कुर्रा को 3-2 से हराया, ग्रामीण खिलाड़ियों को मिला प्रतिभा दिखाने का बड़ा मंच
केटी न्यूज/चौसा
चौसा प्रखंड के जलीलपुर पंचायत अंतर्गत सोनपा गांव में आयोजित तीन दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का समापन शुक्रवार को रोमांचक फाइनल मुकाबले के साथ हुआ। बारिश के कारण मैच कुछ समय के लिए प्रभावित जरूर हुआ, लेकिन खिलाड़ियों के उत्साह और दर्शकों के जोश में कोई कमी नहीं आई। कांटे की टक्कर वाले फाइनल में रॉयल फुटबॉल क्लब, खरगपुरा ने उत्तर प्रदेश की कुर्रा टीम को टाइब्रेकर में 3-2 से पराजित कर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।मां कामाख्या स्पोर्ट्स क्लब के तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला निर्धारित समय तक बेहद संघर्षपूर्ण रहा। दोनों टीमों ने आक्रामक और संतुलित खेल का प्रदर्शन करते हुए एक-दूसरे के गोलपोस्ट पर लगातार दबाव बनाया, लेकिन कोई भी टीम बढ़त हासिल नहीं कर सकी।

निर्धारित समय तक स्कोर बराबरी पर रहने के बाद मुकाबले का फैसला टाइब्रेकर से हुआ। दबाव भरे इस चरण में खरगपुरा के खिलाड़ियों ने बेहतरीन संयम का परिचय देते हुए 3-2 से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम कर लिया।फाइनल मुकाबले का उद्घाटन पूर्व जिला पार्षद एवं अधिवक्ता डॉ. मनोज कुमार यादव तथा जिला परिषद सदस्य पूजा देवी ने किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता बक्सर होमगार्ड एसोसिएशन के सचिव आनंद पहलवान ने की। रेफरी नीलू खरवार ने पूरे मैच का सफल संचालन किया और निष्पक्ष निर्णयों से मुकाबले को सुचारु रूप से संपन्न कराया।प्रतियोगिता के समापन पर विजेता एवं उपविजेता टीम को अतिथियों ने ट्रॉफी और शील्ड देकर सम्मानित किया।

पूरे आयोजन के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण, खेल प्रेमी और युवा मैदान में मौजूद रहे। बारिश के बावजूद दर्शकों का उत्साह देखते ही बन रहा था और हर रोमांचक पल पर तालियों की गूंज मैदान में सुनाई देती रही।समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. मनोज कुमार यादव ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित खेल प्रतियोगिताएं युवाओं की प्रतिभा को सामने लाने का प्रभावी माध्यम हैं। खेल केवल जीत-हार तक सीमित नहीं होता, बल्कि अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास जैसे गुणों का भी विकास करता है। उन्होंने कहा कि गांवों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता केवल बेहतर खेल संसाधनों, प्रशिक्षण और अवसर उपलब्ध कराने की है।

उन्होंने सोनपा क्षेत्र में खेल मैदान और आधुनिक खेल सुविधाओं के अभाव पर चिंता व्यक्त करते हुए सरकार और जनप्रतिनिधियों से ग्रामीण क्षेत्रों में स्टेडियम तथा खेल मैदान विकसित करने की मांग की। साथ ही मां कामाख्या स्पोर्ट्स क्लब की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन ग्रामीण खेल संस्कृति को मजबूत करने के साथ सामाजिक समरसता को भी बढ़ावा देते हैं।समापन समारोह में बसपा प्रखंड अध्यक्ष विजय राम, मुकेश यादव, अखिलेश यादव, पिंटू यादव, धर्मेंद्र, फैयाज सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, खिलाड़ी और खेल प्रेमी उपस्थित रहे।

