भाजपा का कार्यकर्ता सम्मेलन 6 जुलाई को, संगठनात्मक तैयारियों को लेकर जिला स्तर पर रणनीति तय
भारतीय जनता पार्टी की बक्सर जिला इकाई ने आगामी 6 जुलाई को आयोजित होने वाले कार्यकर्ता सम्मेलन की तैयारियों को लेकर शनिवार को पार्टी कार्यालय, अहिरौली में जिला स्तरीय बैठक की। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश भुवन ने की। इस दौरान सम्मेलन को सफल बनाने के लिए संगठन के विभिन्न पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां तय की गईं।

केटी न्यूज/बक्सर।
भारतीय जनता पार्टी की बक्सर जिला इकाई ने आगामी 6 जुलाई को आयोजित होने वाले कार्यकर्ता सम्मेलन की तैयारियों को लेकर शनिवार को पार्टी कार्यालय, अहिरौली में जिला स्तरीय बैठक की। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश भुवन ने की। इस दौरान सम्मेलन को सफल बनाने के लिए संगठन के विभिन्न पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां तय की गईं।बैठक में जिलाध्यक्ष ने कहा कि कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के अवसर पर किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सम्मेलन में भारत सरकार के केंद्रीय राज्य मंत्री राज भूषण निषाद सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता एवं पदाधिकारी शामिल होंगे।

कार्यक्रम के माध्यम से कार्यकर्ताओं को संगठन की विचारधारा, राष्ट्र निर्माण में डॉ. मुखर्जी के योगदान तथा आगामी राजनीतिक गतिविधियों को लेकर मार्गदर्शन दिया जाएगा।उन्होंने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने राष्ट्रवाद और राष्ट्रीय एकता की जिस विचारधारा को आगे बढ़ाया, वह आज भारतीय राजनीति में व्यापक रूप से स्थापित हो चुकी है। उन्होंने पश्चिम बंगाल की राजनीतिक परिस्थितियों का उल्लेख करते हुए कहा कि राष्ट्रहित के मुद्दों पर भाजपा लगातार अपनी वैचारिक प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ रही है।बैठक में सम्मेलन में अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।

इसके लिए बूथ अध्यक्ष, पंचायत अध्यक्ष, शक्ति केंद्र प्रमुख, मंडल अध्यक्ष, सक्रिय सदस्य, जिला एवं प्रदेश पदाधिकारियों के साथ-साथ वरिष्ठ कार्यकर्ताओं तक कार्यक्रम की सूचना पहुंचाने और उनकी सहभागिता सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी संगठन के पदाधिकारियों को सौंपी गई।बैठक में सम्मेलन की रूपरेखा, स्वागत व्यवस्था, कार्यकर्ताओं के पंजीकरण, मंच संचालन तथा अन्य संगठनात्मक तैयारियों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। इसकी जानकारी भाजपा जिला मीडिया प्रभारी उमाशंकर राय ने दी।

