अपराध पर जीरो टॉलरेंस का संदेश, एएसपी ने थानों की कार्यशैली पर कसी नकेल

अनुमंडल क्षेत्र में अपराध नियंत्रण और पुलिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से शनिवार को डुमरांव अनुमंडल पुलिस कार्यालय के सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एएसपी पोलस्त कुमार ने की। इस दौरान अनुमंडल के सभी थानों के थानाध्यक्षों के साथ कानून-व्यवस्था, लंबित मामलों के निष्पादन, गश्ती व्यवस्था और जनता से जुड़े विभिन्न मुद्दों की विस्तृत समीक्षा की गई।

अपराध पर जीरो टॉलरेंस का संदेश, एएसपी ने थानों की कार्यशैली पर कसी नकेल

__ डुमरांव अनुमंडल की समीक्षा बैठक में लंबित कांडों, गश्ती व्यवस्था और जनसुनवाई की हुई समीक्षा, अफवाह फैलाने वालों व साइबर अपराधियों पर सख्त नजर रखने के निर्देश

 केटी न्यूज/डुमरांव।

अनुमंडल क्षेत्र में अपराध नियंत्रण और पुलिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से शनिवार को डुमरांव अनुमंडल पुलिस कार्यालय के सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एएसपी पोलस्त कुमार ने की। इस दौरान अनुमंडल के सभी थानों के थानाध्यक्षों के साथ कानून-व्यवस्था, लंबित मामलों के निष्पादन, गश्ती व्यवस्था और जनता से जुड़े विभिन्न मुद्दों की विस्तृत समीक्षा की गई।बैठक में एएसपी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अपराध नियंत्रण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिया कि क्षेत्र में नियमित और प्रभावी रात्रि गश्ती सुनिश्चित की जाए, ताकि आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाया जा सके। संवेदनशील इलाकों में पुलिस की विशेष निगरानी रखने तथा छोटी से छोटी घटनाओं पर भी त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि समय पर कार्रवाई से बड़ी घटनाओं को रोका जा सकता है।

समीक्षा के दौरान लंबित कांडों के निष्पादन की प्रगति का भी आकलन किया गया। एएसपी ने थानाध्यक्षों को अनुसंधान की गुणवत्ता बनाए रखते हुए मामलों का शीघ्र निष्पादन करने तथा फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए अभियान तेज करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अपराधियों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई से ही आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा मजबूत होगा।जनसरोकारों को प्राथमिकता देते हुए एएसपी ने सभी थानाध्यक्षों को नियमित जनसुनवाई आयोजित करने और लोगों की शिकायतों का त्वरित एवं निष्पक्ष समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।उन्होंने कहा कि पुलिस और आम नागरिकों के बीच बेहतर संवाद कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

बैठक में सोशल मीडिया पर फैलने वाली भ्रामक सूचनाओं और अफवाहों पर कड़ी निगरानी रखने के भी निर्देश दिए गए। एएसपी ने कहा कि साइबर अपराध के बढ़ते मामलों को देखते हुए पुलिसकर्मी तकनीकी रूप से सतर्क रहें तथा ऐसे मामलों में तत्काल कार्रवाई करें। उन्होंने सभी अधिकारियों से टीम भावना के साथ कार्य करते हुए क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और कानून का राज कायम रखने की अपील की।बैठक में डुमरांव थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा, ब्रह्मपुर थानाध्यक्ष ब्रजेश कुमार, नया भोजपुर थानाध्यक्ष चंदन कुमार सहित अनुमंडल के सभी थानों के थानाध्यक्ष एवं अन्य पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक का उद्देश्य पुलिस व्यवस्था को अधिक जवाबदेह, संवेदनशील और परिणामोन्मुख बनाना रहा।