खलवा इनार के पास मिली महिला के शव मामले में यूडी केस दर्ज, पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा गया शव
डुमरांव थाना क्षेत्र के खलवा इनार गांव के समीप कांव नदी से अधेड़ महिला का शव मिलने के मामले में पुलिस ने यूडी (अस्वाभाविक मौत) केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शनिवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव को उसके स्वजनों को सौंप दिया गया।

केटी न्यूज/डुमरांव
डुमरांव थाना क्षेत्र के खलवा इनार गांव के समीप कांव नदी से अधेड़ महिला का शव मिलने के मामले में पुलिस ने यूडी (अस्वाभाविक मौत) केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शनिवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव को उसके स्वजनों को सौंप दिया गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है, लेकिन अब तक किसी भी प्रकार की आपराधिक साजिश या आरोप की पुष्टि नहीं हुई है।गौरतलब है कि शुक्रवार की शाम खलवा इनार गांव के पास कांव नदी में एक अधेड़ महिला का शव औंधे मुंह पड़ा मिला था। ग्रामीणों द्वारा सूचना दिए जाने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की थी। बाद में मृतका की पहचान नंदन गांव निवासी गोविंद मुसहर की पत्नी सिजवा उर्फ कुंती देवी (करीब 50 वर्ष) के रूप में हुई।

थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा ने बताया कि मामले में यूडी केस दर्ज किया गया है। शव का पोस्टमार्टम कराकर उसे परिजनों को सौंप दिया गया है। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह जानकारी सामने आई है कि मृत महिला मानसिक रूप से विक्षिप्त थी। वहीं, उसके परिजनों ने भी किसी व्यक्ति पर किसी प्रकार का आरोप नहीं लगाया है।पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों की स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल जांच सभी बिंदुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है। हालांकि अब तक प्राप्त तथ्यों के आधार पर किसी तरह की संदिग्ध परिस्थिति की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं अन्य जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

