डुमरांव स्टेशन की बदहाली पर यात्रियों ने उठाई आवाज, शुद्ध पानी और यूरिनल की मांग

डुमरांव रेलवे स्टेशन पर बुनियादी सुविधाओं की कमी का मुद्दा गुरुवार को आयोजित रेल जन संवाद कार्यक्रम में प्रमुखता से उठा। यात्रियों ने स्टेशन पर शुद्ध पेयजल, यूरिनल और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग रेलवे अधिकारियों के सामने रखी। वहीं, ट्रेनों के ठहराव और परिचालन व्यवस्था में सुधार को लेकर भी सुझाव दिए गए।

डुमरांव स्टेशन की बदहाली पर यात्रियों ने उठाई आवाज, शुद्ध पानी और यूरिनल की मांग

__ रेल जन संवाद में ट्रेनों के ठहराव, समयबद्ध परिचालन और दोपहर में अतिरिक्त ट्रेनों का मुद्दा भी उठा

केटी न्यूज/डुमरांव।

डुमरांव रेलवे स्टेशन पर बुनियादी सुविधाओं की कमी का मुद्दा गुरुवार को आयोजित रेल जन संवाद कार्यक्रम में प्रमुखता से उठा। यात्रियों ने स्टेशन पर शुद्ध पेयजल, यूरिनल और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग रेलवे अधिकारियों के सामने रखी। वहीं, ट्रेनों के ठहराव और परिचालन व्यवस्था में सुधार को लेकर भी सुझाव दिए गए।पूर्व मध्य रेलवे, हाजीपुर की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में अधिकारियों ने यात्रियों से सीधे संवाद कर स्टेशन की व्यवस्थाओं का फीडबैक लिया। साफ-सफाई, पेयजल, पूछताछ व्यवस्था, डिस्प्ले बोर्ड, प्लेटफॉर्म शेड, फुट ओवरब्रिज, पार्किंग और प्रकाश व्यवस्था को बेहतर बनाने के संबंध में यात्रियों की राय जानी गई। दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों के लिए रैंप, लिफ्ट व व्हीलचेयर जैसी सुविधाओं के साथ प्राथमिक उपचार और चिकित्सा सहायता की उपलब्धता पर भी चर्चा हुई।

__ ट्रेनों के ठहराव और परिचालन में सुधार की मांग

रेल यात्री कल्याण समिति के अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह ने पटना-कोटा एक्सप्रेस का सप्ताह के सातों दिन ठहराव सुनिश्चित करने की मांग उठाई। उन्होंने दोपहर के समय अप और डाउन दोनों लाइनों पर ट्रेनों की संख्या बढ़ाने तथा पैसेंजर ट्रेनों का परिचालन समय पर कराने की जरूरत बताई।कार्यक्रम में नोडल पदाधिकारी के रूप में प्रधान मुख्य अभियंता, हाजीपुर के सचिव मुकेश कुमार मौजूद रहे। मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक जितेंद्र सिंह, आईओडब्ल्यू महेंद्र रजक और स्टेशन मास्टर अविनाश कुमार सहित अन्य रेलकर्मियों ने भी यात्रियों से संवाद किया।अधिकारियों ने यात्रियों की मांगों और सुझावों को रिपोर्ट में दर्ज कर आगे भेजने की बात कही। कार्यक्रम में बबीता कुमारी, रानी कुमारी, उमेश गोंड, संदीप गोंड, मनीष यादव समेत दर्जनों यात्री शामिल हुए।