अग्निशमन सेवा सप्ताह की शुरुआत, शहीदों को दी गई श्रद्धांजलि

मंगलवार को डुमरांव में अग्निशमन सेवा सप्ताह 2026 का शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर डुमरांव अग्निशमालय कार्यालय में फायर ब्रिगेड के पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने दो मिनट का मौन रखकर विभागीय शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। सभी ने शहीदों की आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की और अग्नि सुरक्षा सप्ताह के प्रतीक चिह्न (पिन फ्लैग) धारण किए। इसके साथ ही जिला स्तरीय अधिकारियों को भी यह प्रतीक चिह्न लगाया गया।

अग्निशमन सेवा सप्ताह की शुरुआत, शहीदों को दी गई श्रद्धांजलि

__  मॉकड्रिल और निरीक्षण के जरिए आग से बचाव के प्रति किया जा रहा जागरूक

केटी न्यूज/डुमरांव

मंगलवार को डुमरांव में अग्निशमन सेवा सप्ताह 2026 का शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर डुमरांव अग्निशमालय कार्यालय में फायर ब्रिगेड के पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने दो मिनट का मौन रखकर विभागीय शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। सभी ने शहीदों की आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की और अग्नि सुरक्षा सप्ताह के प्रतीक चिह्न (पिन फ्लैग) धारण किए। इसके साथ ही जिला स्तरीय अधिकारियों को भी यह प्रतीक चिह्न लगाया गया। कार्यक्रम के पहले दिन अग्निशमन कर्मियों द्वारा सविता क्लिनिक अस्पताल, डुमरांव तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रघुनाथपुर में आग से बचाव को लेकर अभ्यास प्रदर्शन (मॉकड्रिल) और सुरक्षा निरीक्षण (ऑडिट) किया गया। इस दौरान अग्निशमन यंत्रों की बारीकी से जांच की गई और अस्पताल कर्मियों को आपात स्थिति में सतर्क रहने के उपाय बताए गए।

अनुमंडल अग्निशमन पदाधिकारी शिखा कुमारी ने बताया कि 14 से 20 अप्रैल तक अग्नि सुरक्षा सप्ताह मनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि 14 अप्रैल 1944 को मुंबई बंदरगाह पर एस.एस. फोर्ट स्टिकिन नामक मालवाहक जहाज में भीषण आग लग गई थी। इस आग पर काबू पाने के दौरान 66 अग्निशमन कर्मी शहीद हो गए थे। उन्हीं की स्मृति में प्रत्येक वर्ष यह सप्ताह मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि इस सप्ताह के दौरान सेवा दिवस मनाते हुए आम लोगों को आग से बचाव के उपायों की जानकारी दी जाएगी, ताकि दुर्घटनाओं को रोका जा सके। पूरा कार्यक्रम जिला अग्निशमन पदाधिकारी बक्सर सुबास कुमार सिंह के निर्देश पर तथा अनुमंडल अग्निशमन पदाधिकारी डुमरांव शिखा कुमारी के नेतृत्व में संपन्न हुआ।

इस वर्ष अग्निशमन सेवा सप्ताह का विषय है “सुरक्षित विद्यालय, सुरक्षित अस्पताल एवं अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक समाज, आग की रोकथाम के लिए सब मिलकर प्रयास करें।” अधिकारियों ने आमजन से अपील की कि वे अग्नि सुरक्षा नियमों का पालन करें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत अग्निशमन विभाग को सूचना दें।