फर्नीचर की आड़ में हो रही थी शराब तस्करी , बक्सर में 668 लीटर विदेशी शराब जब्त
बिहार में शराबबंदी कानून को धता बताते हुए तस्कर अब शराब छुपाने के लिए बेहद शातिर तरीके अपना रहे हैं। कभी फल-सब्जियों के बीच तो कभी ट्रकों के गुप्त चैंबर में शराब छुपाने के मामले सामने आते रहे हैं, लेकिन इस बार तस्करों ने लकड़ी के फर्नीचर को ही शराब ढोने का सुरक्षित ठिकाना बना लिया।


__ वीर कुंवर सिंह सेतु पर उत्पाद विभाग की बड़ी कार्रवाई, हरियाणा का चालक गिरफ्तार
केटी न्यूज/बक्सर
बिहार में शराबबंदी कानून को धता बताते हुए तस्कर अब शराब छुपाने के लिए बेहद शातिर तरीके अपना रहे हैं। कभी फल-सब्जियों के बीच तो कभी ट्रकों के गुप्त चैंबर में शराब छुपाने के मामले सामने आते रहे हैं, लेकिन इस बार तस्करों ने लकड़ी के फर्नीचर को ही शराब ढोने का सुरक्षित ठिकाना बना लिया। हालांकि, बक्सर उत्पाद विभाग की सतर्कता के आगे उनका यह नया जुगाड़ भी फेल हो गया।मंगलवार को वीर कुंवर सिंह सेतु पर चलाए गए सघन वाहन जांच अभियान के दौरान उत्पाद विभाग की टीम ने एक महिंद्रा पिकअप वाहन से 668 लीटर विदेशी शराब बरामद की।

शराब को बेहद चालाकी से लकड़ी के फर्नीचर के अंदर छुपाकर रखा गया था ताकि जांच एजेंसियों को शक न हो सके। कार्रवाई के दौरान वाहन चालक को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।जानकारी के मुताबिक जिला उत्पाद अधीक्षक के निर्देश पर एक्साइज इंस्पेक्टर कुंदन कुमार के नेतृत्व में टीम सेतु पर आने-जाने वाले वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान हरियाणा नंबर की एक संदिग्ध पिकअप वाहन को रोककर तलाशी ली गई। शुरुआत में वाहन में केवल लकड़ी के फर्नीचर दिखाई दिए, लेकिन गहन जांच के दौरान फर्नीचर के अंदर बने गुप्त हिस्सों से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद हुई।

गिरफ्तार चालक की पहचान हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिला निवासी प्रदीप के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि शराब की खेप अंबाला से दरभंगा ले जाई जा रही थी। बरामद शराब “मेड इन चंडीगढ़” बताई जा रही है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब साढ़े आठ लाख रुपये आंकी गई है।उत्पाद विभाग के अधिकारियों का कहना है कि शराब तस्कर अब लगातार नए तरीके अपनाकर बिहार में शराब पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं। यही वजह है कि सीमावर्ती इलाकों और प्रमुख पुलों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। विभाग ने साफ किया कि शराबबंदी कानून को प्रभावी बनाने के लिए आगे भी लगातार अभियान चलाया जाएगा और तस्करों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

