तेज रफ्तार कार की टक्कर से युवक जिंदगी की जंग लड़ रहा, अज्ञात चालक पर एफआईआर दर्ज
केटी न्यूज/कृष्णाब्रह्म : पटना-बक्सर एनएच-922 पर चौकियां गांव के समीप तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर देखने को मिला। सड़क पार कर बाजार जाने के लिए निकले एक युवक को बेलोनो कार ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। युवक का इलाज पटना स्थित आईजीएमएस में चल रहा है, जहां उसकी हालत अब भी नाजुक बनी हुई है। मामले में कृष्णाब्रह्म थाना पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार चौकियां गांव निवासी महेंद्र सिंह ने लिखित आवेदन में बताया कि 25 जून को उनका पुत्र विश्वामित्र यादव बाइक से कृष्णाब्रह्म बाजार जा रहा था। इसी दौरान चौकियां गांव के समीप एनएच-922 पर बक्सर की ओर से तेज गति से आ रही बेलोनो कार (संख्या- जेएच-09एएच/5334) ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पटना स्थित आईजीएमएस रेफर कर दिया। परिजनों के मुताबिक कई दिनों बाद भी उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है और डॉक्टरों की निगरानी में उसका उपचार जारी है।

घटना के बाद कार चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर कृष्णाब्रह्म थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर थाना ले आई। घायल के पिता के बयान पर अज्ञात चालक के विरुद्ध लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाकर दुर्घटना करने का मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस का कहना है कि जब्त वाहन के रजिस्ट्रेशन के आधार पर चालक की पहचान की जा रही है। पहचान होने के बाद उसके विरुद्ध आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच भी जारी है।
