प्रखंड मुख्यालय भी सुरक्षित नहीं! दिनदहाड़े बाइक ले उड़े चोर
राजपुर प्रखंड मुख्यालय परिसर में दिनदहाड़े बाइक चोरी की घटना ने सरकारी कार्यालयों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिस परिसर में लोगों की आवाजाही बनी रहती है और सुरक्षा गार्ड भी तैनात रहते हैं, वहां से बाइक गायब हो जाना व्यवस्था की लापरवाही को उजागर करता है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी जा रही है।

__ गार्डों की मौजूदगी में हुई चोरी से सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल, पीड़ित ने थाने में लगाई गुहार
केटी न्यूज/राजपुर।
राजपुर प्रखंड मुख्यालय परिसर में दिनदहाड़े बाइक चोरी की घटना ने सरकारी कार्यालयों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिस परिसर में लोगों की आवाजाही बनी रहती है और सुरक्षा गार्ड भी तैनात रहते हैं, वहां से बाइक गायब हो जाना व्यवस्था की लापरवाही को उजागर करता है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी जा रही है।जानकारी के अनुसार, खरहना पंचायत के खरवनिया गांव निवासी कुशवंत सिंह कुशवाहा आंगनबाड़ी सेविका आशा देवी को किसी जरूरी काम से प्रखंड मुख्यालय लेकर आए थे। उन्होंने अपनी पैशन प्रो बाइक परिसर में खड़ी की और कार्यालय के अंदर चले गए। कुछ देर बाद लौटे तो बाइक गायब मिली। काफी खोजबीन के बावजूद बाइक का कोई सुराग नहीं मिला।

दिनदहाड़े हुई इस घटना की खबर फैलते ही परिसर में लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों का कहना था कि यदि प्रखंड मुख्यालय जैसे सार्वजनिक और व्यस्त स्थान पर वाहन सुरक्षित नहीं हैं, तो आम लोगों की सुरक्षा की गारंटी कैसे होगी? घटना ने परिसर की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।पीड़ित ने मामले में पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। थानाध्यक्ष निवास कुमार ने बताया कि सूचना मिलने के बाद आसपास के इलाकों में छानबीन शुरू कर दी गई है। पुलिस बाइक चोरी करने वाले का सुराग लगाने में जुटी है।

